-->
जमुई कांड में बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी नंदन यादव पुलिस मुठभेड़ में घायल और गिरफ्तार

जमुई कांड में बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी नंदन यादव पुलिस मुठभेड़ में घायल और गिरफ्तार

Jamui Viral Video Case: जमुई में नाबालिग छात्रा से कथित छेड़छाड़ और बदसलूकी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. मामले के मुख्य आरोपी बताए जा रहे नंदन यादव को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. मुठभेड़ के दौरान नंदन यादव के पैर में गोली लगने की सूचना है. उसे इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस की कार्रवाई की पुष्टि बिहार पुलिस के एडीजी लॉ एंड ऑर्डर ने की है.

फरार मुख्य आरोपी की तलाश में पुलिस ने की कार्रवाई

मामले में पुलिस ने पीड़ित छात्र-छात्रा के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की थी. प्राथमिकी में सात आरोपियों के नाम सामने आए थे. इनमें से तीन आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि मुख्य आरोपी नंदन यादव फरार बताया जा रहा था. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर कार्रवाई कर रही थी.

पुलिस से मुठभेड़ में नंदन घायल

ताजा जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम जब आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पहुंची, तो वहां मुठभेड़ की स्थिति बनी. इस दौरान नंदन यादव के पैर में गोली लगी. इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया. घटना के दौरान दूसरे आरोपी हरेराम के पैर में चोट लगने की भी जानकारी सामने आई है.

चार आरोपित हिरासत में

पुलिस कार्रवाई के दौरान कुल चार आरोपितों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है. पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है और मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.

19 सितंबर की घटना के बाद वायरल हुआ था वीडियो

जमुई में 19 सितंबर की शाम छात्र-छात्रा के साथ कथित बदसलूकी का मामला सामने आया था. घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया. इसके बाद पुलिस ने पीड़ितों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की कार्रवाई शुरू की.

फिलहाल मुख्य आरोपी नंदन यादव का अस्पताल में इलाज चल रहा है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की भूमिका को लेकर भी कार्रवाई जारी है.

0 Response to "जमुई कांड में बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी नंदन यादव पुलिस मुठभेड़ में घायल और गिरफ्तार"

एक टिप्पणी भेजें

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article