बिहार की खबरें, सबसे पहले
ब्रेकिंग
ताजा खबरें पढ़ने के लिए Nation Sutra से जुड़े रहें

दुलारचंद हत्याकांड में अनंत सिंह की जमानत रद्द, 1 दिसंबर तक करना होगा सरेंडर; जदयू से निकाले जाने के बाद सुप्रीम कोर्ट का बड़ा झटका


Anant Singh Bail Cancelled: बिहार की राजनीति में 'छोटे सरकार' के नाम से चर्चित मोकामा के विधायक अनंत सिंह की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं. दुलारचंद यादव हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार, 30 अक्टूबर को उनकी जमानत रद्द कर दी और उन्हें एक दिसंबर 2026 तक आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया. अदालत ने बिहार पुलिस को हत्याकांड की जांच चार महीने के भीतर पूरी करने को भी कहा है. यह फैसला ऐसे समय आया है, जब कुछ दिन पहले ही जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया था.

सुप्रीम कोर्ट का यह आदेश अनंत सिंह के लिए बड़ा कानूनी झटका माना जा रहा है. दुलारचंद यादव के पोते नीरज कुमार ने पटना हाईकोर्ट के 19 मार्च 2026 के जमानत आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी. याचिका में अनंत सिंह के आपराधिक इतिहास और जमानत देते समय उससे जुड़े तथ्यों पर पर्याप्त विचार नहीं किये जाने का मुद्दा उठाया गया था. सुप्रीम कोर्ट ने जमानत रद्द करते हुए सरेंडर का आदेश दिया है.

दुलारचंद यादव हत्याकांड में क्या है पूरा मामला

मामला 30 अक्टूबर 2025 का है. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान मोकामा में चुनाव प्रचार के बीच दो पक्षों के समर्थकों के बीच हिंसक झड़प हुई थी. इसी दौरान 75 वर्षीय दुलारचंद यादव की मौत हो गयी थी. वह पूर्व राजद नेता थे और जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार पीयूष प्रियदर्शी का समर्थन कर रहे थे.

इस हत्याकांड में अनंत सिंह को मुख्य आरोपी बनाया गया. पुलिस की जांच के अनुसार, झड़प के दौरान दुलारचंद यादव को एक एसयूवी से कुचलने का आरोप सामने आया. वहीं, मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया था कि पहले उन्हें गोली मारी गयी और फिर गाड़ी से कुचल दिया गया.

मामले में अनंत सिंह को एक नवंबर 2025 को गिरफ्तार किया गया था. जेल में रहते हुए भी उन्होंने मोकामा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की. इसके बाद 19 मार्च 2026 को पटना हाईकोर्ट से उन्हें जमानत मिल गयी थी. अब सुप्रीम कोर्ट ने उनकी जमानत रद्द कर एक दिसंबर तक सरेंडर करने का निर्देश दिया है. मामले की अगली सुनवाई चार महीने बाद होगी.

24 अक्टूबर को जदयू ने छह साल के लिए किया था निष्कासित

अनंत सिंह को कानूनी झटके से पहले राजनीतिक मोर्चे पर भी बड़ा नुकसान उठाना पड़ा. 24 अक्टूबर 2026 को जदयू ने उन्हें और उनकी पत्नी पूर्व विधायक नीलम देवी को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया था. दोनों की प्राथमिक सदस्यता भी समाप्त कर दी गयी.

पार्टी की ओर से जारी आदेश में अनंत सिंह पर पार्टी के निर्देशों की अवहेलना करने, शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ आपत्तिजनक बयान देने और विधान परिषद चुनाव में पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ प्रचार करने का आरोप लगाया गया.

दरअसल, पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार चुनाव मैदान में थे. अनंत सिंह ने उनके समर्थन के बजाय जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह का समर्थन किया था. इसको लेकर पार्टी के भीतर विवाद बढ़ गया. पार्टी ने विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार से अनंत सिंह की सदस्यता के संबंध में दसवीं अनुसूची के तहत कार्रवाई शुरू करने का अनुरोध भी किया है.

नीलम देवी का भी जदयू से निष्कासन हुआ है. इस राजनीतिक घटनाक्रम के बाद अनंत सिंह के भविष्य को लेकर बिहार की राजनीति में चर्चाएं तेज हो गयी हैं.

कौन हैं अनंत सिंह, जिन्हें कहा जाता है 'छोटे सरकार'

अनंत सिंह बिहार की मोकामा विधानसभा सीट की राजनीति का चर्चित चेहरा रहे हैं. उन्हें इलाके में 'छोटे सरकार' के नाम से जाना जाता है. उनका परिवार भी लंबे समय से मोकामा की राजनीति में प्रभाव रखता है.

उनके बड़े भाई दिलीप सिंह ने 1990 में जनता दल के टिकट पर विधानसभा चुनाव जीता था. इसके बाद 1995 में भी उन्होंने जीत दर्ज की. इस तरह अनंत सिंह के राजनीति में आने से पहले ही परिवार की मोकामा क्षेत्र में राजनीतिक पकड़ बन चुकी थी.

अनंत सिंह का जन्म वर्ष 1961 में बाढ़ क्षेत्र में हुआ था. मोकामा की राजनीति में उनकी पहचान एक प्रभावशाली और विवादित नेता के रूप में बनी. वह अलग-अलग राजनीतिक दलों के टिकट पर चुनाव लड़ते रहे और कई बार जीत हासिल की.

2005 में जदयू से शुरू हुआ चुनावी सफर

अनंत सिंह ने वर्ष 2005 में जनता दल यूनाइटेड के टिकट पर पहली बार मोकामा विधानसभा सीट से चुनाव जीता. इसी वर्ष हुए दूसरे विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने जीत दर्ज की. वर्ष 2010 में भी जदयू के टिकट पर विधायक बने.

हालांकि, बाद में नीतीश कुमार के साथ उनके राजनीतिक रिश्तों में खटास आ गयी. इसके बाद वर्ष 2015 में उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा. उस समय वह जेल में थे, इसके बावजूद चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे. उन्होंने जदयू के प्रत्याशी नीरज कुमार को हराया था.

वर्ष 2020 में अनंत सिंह ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के टिकट पर मोकामा से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की. इस दौरान उनकी पत्नी नीलम देवी भी राजनीति में सक्रिय रहीं.

आर्म्स केस में सजा, पत्नी बनीं विधायक

अनंत सिंह का राजनीतिक सफर कई आपराधिक मामलों और कानूनी विवादों से भी जुड़ा रहा है. उनके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, अपहरण, रंगदारी और आर्म्स एक्ट सहित कई मामले दर्ज होने की जानकारी चुनावी हलफनामों और मीडिया रिपोर्टों में सामने आती रही है.

जून 2022 में एक अवैध हथियार मामले में अदालत ने उन्हें दोषी ठहराते हुए 10 साल की सजा सुनायी थी. इसके बाद उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त हो गयी थी. उपचुनाव में उनकी पत्नी नीलम देवी राजद के टिकट पर मोकामा से विधायक चुनी गयीं.

वर्ष 2024 में संबंधित आर्म्स मामले में अनंत सिंह को हाईकोर्ट से राहत मिली और उनकी रिहाई का रास्ता साफ हुआ. इसके बाद वह फिर से सक्रिय राजनीति में लौटे.

2025 में फिर जदयू में लौटे, मोकामा से हासिल की जीत

जेल से बाहर आने के बाद अनंत सिंह ने एक बार फिर जदयू का दामन थाम लिया. वर्ष 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में उन्होंने जदयू के टिकट पर मोकामा से चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की. इस तरह करीब दो दशक से मोकामा की राजनीति में सक्रिय अनंत सिंह एक बार फिर विधानसभा पहुंचे.

लेकिन जदयू में उनकी यह वापसी ज्यादा समय तक नहीं चल सकी. विधान परिषद चुनाव में पार्टी प्रत्याशी नीरज कुमार के विरोध और पार्टी नेतृत्व के साथ बढ़ते विवाद के बाद 24 अक्टूबर 2026 को उन्हें छह साल के लिए निष्कासित कर दिया गया.

अब आगे क्या होगा अनंत सिंह का राजनीतिक भविष्य

अनंत सिंह के सामने फिलहाल दो बड़ी चुनौतियां हैं. पहली दुलारचंद यादव हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट का आदेश, जिसके तहत उन्हें एक दिसंबर तक सरेंडर करना होगा. दूसरी जदयू से निष्कासन के बाद उनकी विधानसभा सदस्यता को लेकर उठी कार्रवाई की मांग.

सुप्रीम कोर्ट ने बिहार पुलिस को चार महीने के भीतर जांच पूरी करने का निर्देश दिया है. वहीं, जदयू ने विधानसभा अध्यक्ष से अनंत सिंह की सदस्यता के संबंध में कार्रवाई करने का अनुरोध किया है.

अब सबकी नजर इस बात पर है कि अनंत सिंह आगे क्या राजनीतिक कदम उठाते हैं और दुलारचंद यादव हत्याकांड की जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है. मोकामा की राजनीति में लंबे समय से प्रभाव रखने वाले 'छोटे सरकार' के लिए आने वाले दिन कानूनी और राजनीतिक दोनों लिहाज से महत्वपूर्ण रहने वाले हैं.