अनंत सिंह का ललन सिंह पर तंज, बोले- कौन ललन सिंह? बिहार में 100 ललन सिंह हैं
बिहार में विधान परिषद की पटना स्नातक सीट को लेकर जदयू के भीतर चल रहा अनंत सिंह और नीरज कुमार का विवाद मतदान के दिन भी चर्चा में रहा. मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह ने केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह को लेकर सवाल पूछे जाने पर तंज कसते हुए कहा, ''कौन ललन सिंह की बात कर रहे हैं? बिहार में 100 ललन सिंह हैं. हम उनको नहीं जानते हैं.'' उन्होंने कहा कि वह नीतीश कुमार और पार्टी को अपना भगवान मानते हैं और कहीं भी रहें, नीतीश कुमार के प्रति उनकी निष्ठा बनी रहेगी.
अनंत सिंह ने सरकार के विरोध में चलने और उनके समर्थकों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई को लेकर भी अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि पुलिस ने कुछ जगहों पर जुर्माना किया है और कई समर्थकों को पकड़कर थाने में बैठाया है. इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ेगा. उनके मुताबिक, ऐसी कार्रवाई से उन्हें नुकसान के बजाय फायदा ही होगा.
नीरज कुमार पर निशाना, बोले- नीतीश कुमार का नाम लेकर आगे बढ़े
जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार के मंदिर जाने को लेकर सवाल पूछे जाने पर अनंत सिंह ने कहा कि वह कोई गलत काम नहीं कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि जिसे कोई अपना भगवान मानता है, उसके पास जाता है. अनंत सिंह ने अपनी बात रखते हुए कहा, ''हम जनता को भगवान मानते हैं, इसलिए जनता के बीच जाते हैं.''
नीरज कुमार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वह नीतीश कुमार का नाम लेकर आगे बढ़े हैं. अनंत सिंह ने सवाल किया कि नीरज कुमार ने अपने नाम पर अब तक क्या किया है. उनके इस बयान को पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में दोनों नेताओं के बीच जारी राजनीतिक खींचतान से जोड़कर देखा जा रहा है.
बोले- जनता मालिक है, वोट दुकान से खरीदकर नहीं लायेंगे
समर्थकों की ओर से की गयी आतिशबाजी को लेकर सवाल पूछे जाने पर अनंत सिंह ने कहा कि जनता ही मालिक है और उन्हें जनता से पूरी उम्मीद है. उन्होंने कहा कि वोट जनता ही देगी, कोई दुकान से खरीदकर नहीं लायेगा.
मोकामा में कई जगह विरोध और पुलिस कार्रवाई से जुड़े सवाल पर अनंत सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार के विरोध में चलने के कारण उनके कई समर्थकों को पकड़कर थाने में बैठा दिया गया. उन्होंने कहा कि इन घटनाओं से उनके रुख पर कोई असर नहीं पड़ेगा.
अनंत-नीरज विवाद सुलझाने के लिए ललन सिंह को मिली थी जिम्मेदारी
अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच लंबे समय से मतभेद रहे हैं. पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू ने नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाया, जबकि अनंत सिंह ने जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह का समर्थन किया. इससे पार्टी के भीतर असहज स्थिति पैदा हुई.
विवाद को सुलझाने के लिए जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा ने केंद्रीय मंत्री ललन सिंह को दोनों नेताओं से बातचीत करने की जिम्मेदारी सौंपी थी. ललन सिंह ने सार्वजनिक रूप से बताया था कि संजय झा ने उन्हें फोन किया था और इसके बाद उन्होंने अनंत सिंह से बात की.
ललन सिंह के मुताबिक, अनंत सिंह की शिकायत थी कि जब नीतीश सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव आया था, तब वह राजद में रहते हुए भी सरकार के समर्थन में खड़े थे. उनकी पत्नी ने भी नीतीश सरकार का समर्थन किया था. अनंत सिंह का मानना था कि पार्टी को उनके पुराने रुख और योगदान को ध्यान में रखते हुए उनके साथ न्याय करना चाहिए.
अनंत सिंह बोले- नीतीश कुमार के लिए गोली खायी
अनंत सिंह पहले भी नीतीश कुमार के प्रति अपनी निष्ठा जाहिर कर चुके हैं. उन्होंने कहा था कि नीतीश कुमार ने बिहार को बनाया है और वह उनके दीवाने हैं. अनंत सिंह ने यह भी दावा किया था कि नीतीश कुमार के लिए उन्होंने नौ लोगों की कुर्बानी दी और खुद गोली तक खायी.
उन्होंने कहा था कि अगर पार्टी में कोई नीति है, तो उनके साथ न्याय होना चाहिए. विधानसभा चुनाव के दौरान नीरज कुमार की भूमिका पर सवाल उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया था कि उस समय नीरज ने उनके खिलाफ कई कदम उठाये थे. इसी पुरानी नाराजगी के कारण दोनों नेताओं के बीच विवाद लगातार बना हुआ है.
फिलहाल पटना स्नातक सीट के चुनाव के बीच अनंत सिंह के ताजा बयान ने जदयू के भीतर मतभेद को फिर चर्चा में ला दिया है. अब सबकी नजर 27 अक्टूबर को होने वाली मतगणना पर है, जिसके बाद चुनाव परिणाम सामने आयेंगे.
