बिहार विधान परिषद चुनाव: 8 में से 6 सीटों के नतीजे घोषित, अनंत सिंह बोले- नीरज कुमार को बधाई नहीं दूंगा
बिहार विधान परिषद की आठ सीटों में से छह सीटों के नतीजे आ चुके हैं. पटना स्नातक सीट से जदयू के नीरज कुमार ने जीत दर्ज की है, जबकि कोसी स्नातक सीट पर भाजपा के एनके यादव ने जीत की हैट्रिक लगाई है. नीरज कुमार की खिलाफत कर रहे अनंत सिंह ने चुनाव परिणाम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें वक्त नहीं मिला और वह नीरज कुमार को जीत की बधाई नहीं देंगे. उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी नाराजगी पार्टी से नहीं, बल्कि नीरज कुमार से है.
पटना शिक्षक सीट पर 30 साल बाद नवल किशोर यादव की हार
चारों शिक्षक निर्वाचन सीटों के परिणाम भी घोषित हो चुके हैं. पटना शिक्षक सीट पर करीब 30 साल बाद नवल किशोर यादव को हार का सामना करना पड़ा है. भाजपा प्रत्याशी को राजद के डॉ. संजीव ने 1057 वोटों से हराया.
तिरहुत शिक्षक सीट से भाजपा के नरेंद्र सिंह ने 600 वोटों से जीत दर्ज की. सारण शिक्षक सीट पर भाजपा के बागी और निर्दलीय प्रत्याशी राहुल राज ने 1815 वोटों से बाजी मारी. वहीं, दरभंगा शिक्षक सीट से जनसुराज के सुरेश प्रसाद राय ने जीत हासिल की. चारों शिक्षक सीटों पर मौजूदा एमएलसी को हार का सामना करना पड़ा है.
तिरहुत स्नातक सीट पर वंशीधर आगे
तिरहुत स्नातक सीट पर वंशीधर लगातार आगे चल रहे हैं. वहीं, दरभंगा स्नातक सीट के परिणाम का इंतजार है. इसके गुरुवार सुबह तक आने की संभावना जताई गई है.
दरभंगा के डीएम कौशल कुमार ने बताया कि मतगणना की प्रक्रिया जारी है. गुरुवार सुबह तक परिणाम आने की उम्मीद है.
23 अक्टूबर को हुआ था मतदान
बिहार विधान परिषद की चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था. इन आठ सीटों पर कुल 150 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं. मतगणना के दौरान छह सीटों के परिणाम सामने आ चुके हैं, जबकि दरभंगा स्नातक सीट का परिणाम आना बाकी है.
