BTech छोड़ चुनी पत्रकारिता की राह, अब रांची में मिला जन सुराज के डिजिटल मैनेजर देवपालिक गुप्ता का शव
रांची/पटना: जन सुराज पार्टी के डिजिटल मीडिया मैनेजर देवपालिक गुप्ता का शव झारखंड की राजधानी रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र में झाड़ियों से बरामद होने की सूचना है। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर निवासी 31 वर्षीय देवपालिक 26 अक्टूबर को अपने दो सहकर्मियों के साथ रांची घूमने आए थे। पटना लौटने के दौरान जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन से मुरी स्टेशन के पास वह अचानक लापता हो गए थे। काफी तलाश के बाद उनका शव मिलने से परिजनों और परिचितों में शोक और चिंता का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल उनकी मौत के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है।
दो सहकर्मियों के साथ रांची घूमने आए थे देवपालिक
जानकारी के अनुसार, देवपालिक गुप्ता अपने दो सहकर्मियों गौतम कुमार और हिमांशु कुमार रजक के साथ रांची घूमने आए थे। 26 अक्टूबर को तीनों जनशताब्दी एक्सप्रेस से पटना लौट रहे थे। इसी दौरान मुरी स्टेशन पहुंचने से पहले देवपालिक अचानक लापता हो गए। उनके काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर तलाश शुरू की गई। बाद में उनके लापता होने की सूचना रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) और स्थानीय पुलिस को दी गई।
पेंट्री कार की ओर जाने के बाद नहीं मिला कोई सुराग
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, दोपहर करीब तीन बजे देवपालिक ट्रेन की पेंट्री कार की ओर गए थे। इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला। उनके अचानक गायब होने से सहयात्रियों और परिजनों की चिंता बढ़ गई। तलाश के दौरान पुलिस भी मामले की जांच में जुटी थी। इसी बीच अनगड़ा थाना क्षेत्र की झाड़ियों में उनका शव मिलने की सूचना सामने आई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और आगे की कार्रवाई शुरू की।
BTech छोड़ पत्रकारिता को बनाया करियर और पैशन
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, देवपालिक गुप्ता ने पत्रकारिता को केवल करियर ही नहीं, बल्कि अपने पैशन के रूप में भी अपनाया था। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली में पत्रकारिता का कोर्स करने से पहले वह बीटेक की पढ़ाई कर रहे थे। हालांकि, उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई छोड़कर पत्रकारिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने का फैसला किया।
पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह जन सुराज पार्टी से जुड़े और डिजिटल मीडिया मैनेजर की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनके अचानक लापता होने और फिर शव मिलने की खबर से उनके परिवार, सहकर्मियों और परिचितों को गहरा धक्का लगा है।
तलाश में मदद के लिए घोषित किया गया था 10 हजार रुपये का इनाम
देवपालिक की तलाश के लिए स्थानीय पुलिस भी सक्रिय थी। अनगड़ा थाना प्रभारी गौतम रजवार ने उनके संबंध में जानकारी देने या उन्हें खोजने में मदद करने वाले व्यक्ति को 10 हजार रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा की थी। इसी बीच थाना क्षेत्र की झाड़ियों में उनका शव मिलने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह
पुलिस फिलहाल देवपालिक गुप्ता की मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है। थाना प्रभारी के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है।
जांच के तहत ट्रेन से उनके लापता होने की परिस्थितियों, घटनाक्रम और शव मिलने के स्थान सहित सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि देवपालिक की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
