सोशल मीडिया पर दोस्ती, फिर प्यार; शादी के बाद भी नहीं टूटा रिश्ता, प्रेमिका से मिलने पहुंची महिला
सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती कब प्रेम संबंध में बदल गयी, दोनों महिलाओं को इसका एहसास तब हुआ, जब परिवार की ओर से उनकी अलग-अलग युवकों से शादी करा दी गयी. शादी के बाद भी दोनों के बीच बातचीत जारी रही. गुरुवार को उत्तर प्रदेश के जालौन की रहने वाली क्षमा पोरवाल अपनी प्रेमिका काजल कुमारी से मिलने गुमला पहुंच गयी. इसके बाद मामला महिला थाना पहुंचा, जहां घंटों गहमागहमी का माहौल बना रहा. दोनों महिलाओं ने एक-दूसरे के साथ रहने की इच्छा जतायी.
सोशल मीडिया से शुरू हुई थी दोस्ती
जानकारी के अनुसार, गुमला के शांतिनगर निवासी काजल कुमारी की जनवरी 2024 में सोशल मीडिया के माध्यम से उत्तर प्रदेश के जालौन निवासी क्षमा पोरवाल से जान-पहचान हुई थी. धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गयी. इसी बीच काजल की शादी जून 2025 में गुमला के एक युवक से हो गयी, जबकि क्षमा की शादी नवंबर 2025 में एक युवक से हुई.
शादी के बाद भी दोनों का संपर्क बना रहा. बताया जाता है कि उनके संबंधों की जानकारी परिजनों को मिलने के बाद विवाद बढ़ गया. गुरुवार को क्षमा अपने पति को छोड़कर गुमला पहुंची और काजल से मुलाकात की.
ससुराल पक्ष दोनों को लेकर पहुंचा महिला थाना
मामले की जानकारी मिलने के बाद काजल के ससुराल पक्ष के लोग दोनों महिलाओं को महिला थाना ले गये. वहां काजल ने स्पष्ट कहा कि वह अपने पति के साथ नहीं रहना चाहती और क्षमा के साथ रहना चाहती है. मामले को लेकर थाना परिसर में काफी देर तक गहमागहमी बनी रही.
इस घटना ने व्यक्तिगत पसंद, वैवाहिक जीवन और पारिवारिक अपेक्षाओं को लेकर चर्चा शुरू कर दी है. हालांकि, पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है.
क्या कहती हैं थाना प्रभारी?
महिला थाना प्रभारी शिल्पा कुजूर ने बताया कि दोनों महिलाएं थाना पहुंची थीं. काजल के मायके वालों को बुलाया गया था, लेकिन वे नहीं आये. इसके बाद दोनों को लोहरदगा महिला थाना भेज दिया गया. उन्होंने बताया कि काजल का मायका लोहरदगा में है. मामले में कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है.
