भारत-ऑस्ट्रेलिया U-19 मैच के दौरान नरेंद्र मोदी स्टेडियम में बम की धमकी, जांच के बाद पुलिस ने बताया...
Narendra Modi Stadium Bomb Threat: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे अंडर-19 मुकाबले के दौरान बम की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हलचल मच गयी. धमकी ईमेल के माध्यम से भेजी गयी थी. जिस समय ईमेल प्राप्त हुआ, उस वक्त दोनों टीमों के खिलाड़ी स्टेडियम में मौजूद थे.
रिपोर्ट के अनुसार, धमकी भरा ईमेल सुबह करीब 11 बजे अधिकारियों को मिला. उस समय मुकाबला समाप्त होने में कुछ ही मिनट बाकी थे. मैच सुबह 11:15 बजे खत्म होना था.
ईमेल मिलते ही पुलिस को दी गयी सूचना
धमकी की जानकारी सामने आने के बाद गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन ने तत्काल स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी. GCA के सचिव अनिल पटेल ने बताया कि ईमेल प्राप्त होते ही पुलिस को जानकारी दे दी गयी थी.
उन्होंने कहा कि इस तरह की धमकियां पहले भी सामने आ चुकी हैं. इनमें 2023 के वनडे विश्व कप और IPL से जुड़े कुछ मामले भी शामिल रहे हैं.
साइबर सेल ने स्टेडियम पहुंचकर शुरू की जांच
धमकी भरे ईमेल की जांच के लिए साइबर सेल की टीम को तुरंत स्टेडियम भेजा गया. सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत शुरुआत में खिलाड़ियों को इस घटनाक्रम की जानकारी नहीं दी गयी.
जांच के दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने स्थिति का जायजा लिया और निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया.
पुलिस ने धमकी को बताया फर्जी
जांच पूरी होने के बाद स्थानीय पुलिस ने धमकी को फर्जी बताया. इसके बाद दोनों टीमों को स्टेडियम से रवाना किया गया. रिपोर्ट के मुताबिक भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें दोपहर करीब 1 बजे स्टेडियम से निकल गयीं.
सुरक्षा एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई के चलते मामले को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया.
0 Response to "भारत-ऑस्ट्रेलिया U-19 मैच के दौरान नरेंद्र मोदी स्टेडियम में बम की धमकी, जांच के बाद पुलिस ने बताया..."
एक टिप्पणी भेजें