बिहार की खबरें, सबसे पहले
ब्रेकिंग
ताजा खबरें पढ़ने के लिए Nation Sutra से जुड़े रहें

काइली जेनर की 475 करोड़ की फैंटेसी ब्रा क्यों है चर्चा में, जानें कैसे बनती है और कौन खरीदता है


इंस्टाग्राम पर 381 मिलियन फॉलोअर्स के साथ दुनिया की सबसे लोकप्रिय हस्तियों में शामिल बिजनेसवुमन काइली जेनर का एक वीडियो इन दिनों चर्चा में है. वीडियो में काइली चमचमाती ब्रा पहनकर रैंप वॉक करती नजर आ रही हैं. इस ब्रा की अनुमानित कीमत 50 मिलियन डॉलर यानी करीब 475 करोड़ रुपये बतायी जा रही है. इसे अब तक की सबसे महंगी लॉन्जरी में से एक माना जा रहा है. विक्टोरिया सीक्रेट के फैशन शो में आठ साल के अंतराल के बाद ऐसी ‘फैंटेसी ब्रा’ की वापसी हुई है.

आखिर फैंटेसी ब्रा क्या है, इसका निर्माण कैसे किया जाता है, इसे कौन खरीदता है और इसकी कीमत व चर्चा के पीछे क्या वजहें हैं? आइए, इस एक्सप्लेनर में जानते हैं.

सवाल-1: क्या होती है फैंटेसी ब्रा और मॉडल्स ने इसे पहनना कब शुरू किया?

जवाब: विक्टोरिया सीक्रेट अमेरिका का एक मशहूर ब्रांड है, जो महिलाओं के इनरवियर, कपड़े, परफ्यूम और ब्यूटी प्रोडक्ट्स बेचता है. कंपनी ने 1995 में अपना सालाना फैशन शो शुरू किया था.

इसके अगले साल, 1996 में, कंपनी ने ‘फैंटेसी ब्रा’ की अवधारणा पेश की. इसका मकसद ऐसी खास ब्रा तैयार करना था, जो लोगों का ध्यान खींचे और ब्रांड के उत्पादों को चर्चा में लाए. यह आमतौर पर इस्तेमाल होने वाली ब्रा से बिल्कुल अलग होती है. इसे खास तौर पर तैयार किया जाता है और इसमें सोना, प्लैटिनम, हीरे, रूबी, नीलम और पन्ना जैसे कीमती रत्नों का इस्तेमाल किया जा सकता है.

कंपनी अपने फैशन शो में समय-समय पर चुनिंदा मॉडल्स को यह खास ब्रा पहनाकर पेश करती रही है. इस तरह फैंटेसी ब्रा फैशन शो का एक प्रमुख आकर्षण बन गयी.

सवाल-2: फैंटेसी ब्रा इतनी महंगी क्यों होती है?

जवाब: इसकी कीमत में इस्तेमाल होने वाले कीमती धातुओं और रत्नों की अहम भूमिका होती है. इसके अलावा, डिजाइन तैयार करने में लगने वाली मेहनत और इसे बनाने की विशेष प्रक्रिया भी इसकी लागत को प्रभावित करती है. ये ब्रा आम इस्तेमाल के लिए नहीं, बल्कि खास प्रदर्शन और प्रचार के उद्देश्य से तैयार की जाती हैं.

इसकी कीमत और भव्यता इसे फैशन की दुनिया में चर्चा का विषय बना देती है. हालांकि, किसी खास ब्रा की अनुमानित कीमत को उसकी वास्तविक बिक्री कीमत नहीं माना जा सकता.

सवाल-3: क्या फैंटेसी ब्रा वास्तव में बिकती भी हैं?

जवाब: फैंटेसी ब्रा आमतौर पर फैशन शो में प्रदर्शित की जाने वाली खास डिजाइन की पोशाक होती हैं. हालांकि, इनके बिकने को लेकर अलग-अलग समय पर अलग-अलग दावे सामने आते रहे हैं.

2014 में फॉक्स न्यूज की एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि उस समय तक नौ फैंटेसी ब्रा बिक चुकी थीं. इनमें 2004 की ‘हेवनली 70’ ब्रा का सेंटरपीस और 2012 की ‘फ्लोरल फैंटेसी ब्रा’ का गिफ्ट सेट शामिल था. हालांकि, उसी साल कुछ अन्य रिपोर्ट्स में कहा गया कि अब तक किसी फैंटेसी ब्रा की बिक्री नहीं हुई थी. विक्टोरिया सीक्रेट की ओर से इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की गयी थी.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, काइली जेनर ने जिस ब्रा को पहना है, उसे निजी खरीद के लिए न्यूयॉर्क स्थित जैकब एंड कंपनी के स्टोर में रखा जाएगा. हालांकि, इसकी अंतिम बिक्री कीमत और खरीदार के नाम की घोषणा अभी नहीं हुई है. यदि यह नहीं बिकती है, तो इसे भी खोलकर इसके हीरे और अन्य कीमती हिस्से अलग किये जा सकते हैं.

सवाल-4: फैंटेसी ब्रा से विक्टोरिया सीक्रेट और ज्वेलरी ब्रांड को क्या फायदा होता है?

जवाब: इसका सबसे बड़ा मकसद ब्रांड की पहचान मजबूत करना और उसके उत्पादों का प्रचार करना है. इतनी महंगी और आकर्षक ब्रा फैशन शो को सुर्खियों में लाती है. इससे ब्रांड को मीडिया कवरेज मिलता है और उसके दूसरे उत्पादों की ओर भी लोगों का ध्यान जाता है.

सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, एडम सेलमैन अप्रैल 2025 में विक्टोरिया सीक्रेट के चीफ क्रिएटिव ऑफिसर बने. वह कंपनी की विवादित छवि को बदलने की कोशिश कर रहे हैं. ऐसे में फैंटेसी ब्रा की पुरानी लोकप्रियता और काइली जेनर के बड़े प्रशंसक वर्ग का इस्तेमाल ब्रांड की छवि को नये सिरे से मजबूत करने में मददगार हो सकता है.

फैंटेसी ब्रा की चर्चा का फायदा दूसरे उत्पादों को भी मिल सकता है. उदाहरण के तौर पर, विक्टोरिया सीक्रेट की वेबसाइट पर फैंटेसी ब्रा जैसी दिखने वाली, कपड़े और चमकदार धातु से तैयार लॉन्जरी टॉप भी बिक्री के लिए उपलब्ध बताया गया है. इसकी कीमत 398 डॉलर यानी करीब 37 हजार रुपये है.

सवाल-5: फैंटेसी ब्रा को लेकर लोगों में इतना कौतूहल क्यों है?

जवाब: इसके पीछे महंगी वस्तुओं के प्रति आकर्षण, महिलाओं के शरीर और इनरवियर से जुड़े सामाजिक नजरिये और फैशन शो से जुड़ी पुरानी यादें जैसी वजहें हो सकती हैं.

1. महंगी चीजें लोगों का ध्यान खींचती हैं

विक्टोरिया सीक्रेट की फैंटेसी ब्रा की चर्चा की एक बड़ी वजह इसकी असाधारण कीमत है. इसे रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए नहीं बनाया जाता, फिर भी इसकी कीमत और भव्यता लोगों को आकर्षित करती है.

अर्थशास्त्री थॉर्स्टीन वेब्लेन ने इस तरह के व्यवहार को समझाने के लिए ‘कॉन्सपिक्युअस कंजम्पशन’ यानी ‘दिखावटी उपभोग’ की अवधारणा दी थी. इसके मुताबिक, कुछ लोग महंगी और लग्जरी वस्तुएं केवल जरूरत पूरी करने के लिए नहीं, बल्कि अपनी आर्थिक हैसियत और सामाजिक प्रतिष्ठा दिखाने के लिए भी खरीदते हैं. ऐसी वस्तुओं की चर्चा भी उनकी पहचान और आकर्षण का हिस्सा बन जाती है.

2. महिलाओं के इनरवियर पर चर्चा अब भी असहज मानी जाती है

क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट और मेंटल हेल्थ एक्सपर्ट डॉ. रोमा कुमार के मुताबिक, फैंटेसी ब्रा की चर्चा ज्यादा होने की एक वजह यह भी है कि इसका संबंध महिलाओं के इनरवियर से है. समाज में महिलाओं के शरीर और यौनिकता से जुड़े विषयों पर खुलकर बात करने को लेकर अब भी झिझक देखने को मिलती है.

उनका कहना है कि बचपन से ही शरीर के कुछ हिस्सों के बारे में बात न करने की सीख दी जाती है और निजता को कई बार शर्म से जोड़ दिया जाता है. इस वजह से यौनिकता, माहवारी, ब्रेस्ट हेल्थ और शारीरिक संबंध जैसे जरूरी विषयों पर बातचीत सहज नहीं हो पाती.

वहीं, जब इन्हीं विषयों को फैशन और लग्जरी के नजरिये से पेश किया जाता है, तो वे चर्चा का हिस्सा बन जाते हैं. इस तरह फैंटेसी ब्रा केवल फैशन की वस्तु नहीं रह जाती, बल्कि सामाजिक सोच और महिलाओं के शरीर को लेकर बने नजरिये पर भी ध्यान खींचती है.

3. पुराने फैशन शो की यादें भी वजह

फैंटेसी ब्रा की लोकप्रियता के पीछे पुरानी यादों का भी योगदान है. वर्ष 2000 के दशक में विक्टोरिया सीक्रेट के फैशन शो का टेलीविजन पर प्रसारण लोकप्रिय होने के बाद एड्रियाना लीमा, मिरांडा केर और रोजी हंटिंगटन जैसी मॉडल्स दुनिया भर में पहचान बनाने लगीं.

इसी दौर में फैंटेसी ब्रा भी फैशन जगत की चर्चित पहचान बन गयी. इन शो और मॉडल्स को लंबे समय तक देखने वाले दर्शकों के लिए इसकी वापसी पुरानी यादों को ताजा करने जैसा अनुभव हो सकती है. यही वजह है कि फैंटेसी ब्रा का नया संस्करण सामने आते ही फैशन और सोशल मीडिया की दुनिया में फिर से चर्चा शुरू हो जाती है.