नालंदा में स्कूल के प्रभारी प्रधानाध्यापक निलंबित, क्लास में सोते मिले शारीरिक शिक्षक पर भी होगी कार्रवाई
Bihar Education Department: नालंदा जिले के रहुई प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, दौलतपुर के प्रभारी प्रधानाध्यापक सुधीर प्रसाद को कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. वहीं, इसी विद्यालय के शारीरिक शिक्षक राजीव रंजन कुमार के खिलाफ भी अनुशासनिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है. शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के निर्देश पर मामले में जांच और कार्रवाई की प्रक्रिया तेज की गई.
प्रभारी प्रधानाध्यापक पर गिरी निलंबन की गाज
विभागीय जानकारी के अनुसार, विद्यालय में कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही का मामला सामने आने के बाद शिक्षा मंत्री ने जांच कर नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया था. इसके बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) ने संबंधित दोनों शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा.
निर्धारित समय सीमा के भीतर जवाब नहीं मिलने पर आरोपों को प्रथम दृष्टया प्रमाणित मानते हुए प्रभारी प्रधानाध्यापक सुधीर प्रसाद को निलंबित कर दिया गया. उनके खिलाफ अलग से आरोप तय कर विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी.
कक्षा में सोते पाए गए थे शारीरिक शिक्षक
इसी विद्यालय के शारीरिक शिक्षक राजीव रंजन कुमार भी विभागीय कार्रवाई के दायरे में हैं. जानकारी के मुताबिक, बीते 7 अक्टूबर को उन्हें कक्षा में सोते हुए पाया गया था. इस मामले में रहुई के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) को उनके खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है.
विभाग की ओर से दोनों शिक्षकों से जवाब मांगा गया था, लेकिन तय समय पर स्पष्टीकरण नहीं मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की गई.
स्कूलों में लापरवाही पर होगी नियमानुसार कार्रवाई
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा है कि विद्यालयों में शिक्षकों की जवाबदेही और कर्तव्यनिष्ठा सुनिश्चित करना जरूरी है. कर्तव्य में लापरवाही के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
विभाग की इस कार्रवाई को विद्यालयों में शिक्षकों की जिम्मेदारी सुनिश्चित करने की दिशा में उठाए गए कदम के तौर पर देखा जा रहा है.

0 Response to "नालंदा में स्कूल के प्रभारी प्रधानाध्यापक निलंबित, क्लास में सोते मिले शारीरिक शिक्षक पर भी होगी कार्रवाई"
एक टिप्पणी भेजें