बिहार की खबरें, सबसे पहले
ब्रेकिंग
ताजा खबरें पढ़ने के लिए Nation Sutra से जुड़े रहें

बिहार में नशे के खिलाफ CM सम्राट चौधरी का बड़ा अभियान, गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचेगा संदेश


Patna News:
बिहार में नशे के खिलाफ अब राज्यव्यापी अभियान चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026 को पटना के अधिवेशन भवन में 'नशामुक्त बिहार अभियान' का शुभारंभ किया। यह अभियान 27 अक्टूबर से 26 नवंबर 2026 तक पूरे राज्य में चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखना, आम लोगों को जागरूक करना और नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर लगाम लगाना है। अभियान के तहत व्हाट्सऐप चैटबॉट और हेल्पलाइन की शुरुआत की गई है। साथ ही, जन-जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचेगा नशामुक्ति का संदेश

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि नशामुक्त, स्वस्थ और समृद्ध बिहार के निर्माण के लिए इस अभियान को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाना होगा। उन्होंने कहा कि नशे की लत युवाओं और विद्यार्थियों के भविष्य को नुकसान पहुंचाती है। ऐसे में समाज के सभी वर्गों को मिलकर इसके खिलाफ काम करना होगा।

मुख्यमंत्री ने शहरी क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार करने और ग्रामीण इलाकों में नुक्कड़ नाटक, चौपाल तथा पंचायत स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया। उन्होंने जीविका दीदियों, छात्र-छात्राओं, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।


नशामुक्ति के लिए व्हाट्सऐप चैटबॉट और हेल्पलाइन शुरू

'नशामुक्त बिहार अभियान' के शुभारंभ के अवसर पर मुख्यमंत्री ने नशामुक्ति के लिए व्हाट्सऐप चैटबॉट और हेल्पलाइन की शुरुआत की। इसके साथ ही जन-जागरूकता वाहनों को रवाना किया गया। ये वाहन अगले एक महीने तक बिहार के विभिन्न जिलों में जाकर ऑडियो-विजुअल माध्यम से लोगों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े विभिन्न जिलों के अधिकारियों एवं आम नागरिकों को नशीले पदार्थों का सेवन नहीं करने, दूसरों को जागरूक करने और नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार को रोकने में सहयोग देने की शपथ दिलाई।

सूखे नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शराबबंदी के साथ-साथ चरस, हेरोइन और अफीम जैसे मादक पदार्थों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करने पर जोर दिया। उन्होंने पुलिस और मद्य निषेध विभाग के अधिकारियों को नशीले पदार्थों की तस्करी तथा अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में बताया कि वर्ष 2024 में बिहार में 282 किलोग्राम चरस जब्त की गई थी, जबकि वर्ष 2025 में यह मात्रा बढ़कर 400 किलोग्राम हो गई। इसी तरह, वर्ष 2024 में 42 किलोग्राम हेरोइन जब्त की गई थी, जो वर्ष 2025 में बढ़कर 65 किलोग्राम हो गई। वर्ष 2025 में अफीम की जब्ती 77 किलोग्राम दर्ज की गई

उन्होंने कहा कि इन आंकड़ों को गंभीरता से लेते हुए नशीले पदार्थों की आपूर्ति और अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाना जरूरी है। संबंधित जिलों में विशेष अभियान चलाने और आधुनिक तकनीक की मदद से तस्करों के नेटवर्क को ध्वस्त करने पर भी जोर दिया गया।

शराबबंदी के साथ नशे के दूसरे रूपों पर भी नजर

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2016 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में शराबबंदी कानून लागू किया गया था। उन्होंने इस फैसले को जनहित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया।

सम्राट चौधरी ने कहा कि अब शराबबंदी को प्रभावी बनाए रखने के साथ-साथ सभी प्रकार के नशीले पदार्थों के खिलाफ भी व्यापक अभियान चलाने की जरूरत है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के वर्ष 2029 तक देश को नशामुक्त बनाने के लक्ष्य का भी उल्लेख किया।

अभियान में जीविका दीदियों और युवाओं की होगी अहम भूमिका

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशामुक्त बिहार अभियान को सफल बनाने के लिए जीविका की लगभग 1.81 करोड़ दीदियों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाना राज्य के भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। नशे की लत के कारण प्रतिभाशाली विद्यार्थी भी अपने भविष्य को नुकसान पहुंचा लेते हैं। इसलिए युवाओं के बीच जागरूकता बढ़ाकर उन्हें नशे से दूर रखने की दिशा में लगातार प्रयास किए जाने चाहिए।

मुख्यमंत्री ने ब्रह्माकुमारीज और अन्य सामाजिक संगठनों के सहयोग से जन-जागरूकता कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर चलाने की आवश्यकता भी बताई।


मुख्यमंत्री ने की सक्रिय भागीदारी की अपील

सम्राट चौधरी ने अधिकारियों, सामाजिक संगठनों, जीविका दीदियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों से नशामुक्त बिहार के लक्ष्य को हासिल करने में सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सख्त कार्रवाई, प्रभावी निगरानी और जनभागीदारी के माध्यम से ही नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के मंत्री मदन सहनी, उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह टाइगर, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।