पटना: चौथी बार जीत के बाद नीरज कुमार ने नीतीश कुमार से लिया आशीर्वाद, कार्यकर्ताओं का जताया आभार
पटना: बिहार विधान परिषद के पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से लगातार चौथी बार जीत दर्ज करने के बाद जदयू के वरिष्ठ नेता नीरज कुमार ने बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया. नीरज कुमार ने नीतीश कुमार को अपना अभिभावक और मार्गदर्शक बताते हुए उनके प्रति आभार जताया.नीतीश कुमार से मुलाकात कर लिया आशीर्वाद
नीरज कुमार बुधवार को 7, सर्कुलर मार्ग स्थित आवास पहुंचे, जहां उन्होंने नीतीश कुमार से मुलाकात की. इस दौरान नीतीश कुमार ने उन्हें जीत की बधाई और शुभकामनाएं दीं. उन्होंने नीरज कुमार से ‘न्याय के साथ विकास’ के मूलमंत्र के अनुरूप जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने और जनता के विश्वास पर खरा उतरने की अपेक्षा जतायी.
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में जीत के बाद नीरज कुमार ने अपनी सफलता का श्रेय एनडीए नेतृत्व, पार्टी कार्यकर्ताओं और मतदाताओं के भरोसे को दिया. उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, निशांत कुमार और अन्य एनडीए नेताओं के मार्गदर्शन एवं समर्थन के लिए भी आभार व्यक्त किया.
प्रदेश जदयू कार्यालय में हुआ भव्य स्वागत
नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद नीरज कुमार प्रदेश जदयू कार्यालय पहुंचे. वहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया. सैकड़ों की संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं ने नीतीश कुमार, निशांत कुमार और नीरज कुमार के समर्थन में नारे लगाकर खुशी जाहिर की.
इस दौरान कार्यकर्ताओं में जीत को लेकर उत्साह दिखा. पार्टी नेताओं ने इसे संगठन और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम बताया.
नीरज कुमार ने कार्यकर्ताओं को दिया जीत का श्रेय
नीरज कुमार ने कहा कि लगातार चौथी बार मिली जीत पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत, निष्ठा और समर्पण का परिणाम है. चुनाव के दौरान कार्यकर्ताओं ने दिन-रात जनसंपर्क अभियान चलाया और मतदाताओं तक पहुंचने में अहम भूमिका निभायी.
उन्होंने कहा कि नेतृत्व का मार्गदर्शन, पार्टी की विचारधारा और जनता का विश्वास उनकी ताकत है. उन्होंने मतदाताओं और समर्थकों का आभार जताते हुए स्नातक समुदाय के हितों की रक्षा करने और उनकी अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए काम करते रहने का संकल्प दोहराया.
वरिष्ठ नेताओं की रही मौजूदगी
इस अवसर पर विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन कुमार सर्राफ, मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, प्रदेश महासचिव सह मुख्यालय प्रभारी अरुण वर्मा, प्रदेश प्रवक्ता चंदन कुमार सिंह, छात्र जदयू के पूर्व अध्यक्ष राधे श्याम सहित कई नेता मौजूद रहे.
प्रदेश मुख्यालय में विधायक हेमनारायण शाह, विधान पार्षद ललन प्रसाद मंडल, अनिल कुमार, वासुदेव कुशवाहा, नवल शर्मा, रूदल राय, विनोद सिंह, कृष्णा पटेल, प्रियरंजन पटेल, शिवशंकर निषाद, यासमीन खान और राजेन्द्र सिंह जॉर्ज सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी नीरज कुमार को बधाई दी.