त्योहारों से पहले पटना में CCTV पर बड़ा एक्शन, सभी थानों और ओपी को लेकर आयुक्त ने दिए सख्त निर्देश
त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पटना प्रमंडल के सभी थानों और ओपी में सीसीटीवी कैमरों को क्रियाशील रखने का निर्देश दिया गया है. मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026 को प्रमंडलीय आयुक्त राजेश कुमार ने संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सभी जिला पदाधिकारियों और वरीय पुलिस अधीक्षकों एवं पुलिस अधीक्षकों को आवश्यक निर्देश दिए.
आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि जिन थानों और ओपी में अब तक सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाए गए हैं, वहां अविलंब कैमरे लगाए जाएं. वहीं, खराब कैमरों, बैटरी बैकअप की समस्या और अन्य तकनीकी खामियों को दूर करने के लिए संबंधित एजेंसियों से समन्वय स्थापित कर जल्द मरम्मत कराई जाए. उन्होंने त्योहारों की शुरुआत से पहले सभी कैमरों की कार्यशीलता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया और इस काम में किसी भी तरह की शिथिलता नहीं बरतने को कहा.
खराब कैमरों की मरम्मत के साथ फुटेज की उपलब्धता भी होगी सुनिश्चित
प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि केवल सीसीटीवी कैमरे लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका नियमित रखरखाव और तकनीकी संधारण भी जरूरी है. कैमरों के साथ जुड़े उपकरणों की कार्यशीलता तथा रिकॉर्ड किए गए फुटेज की उपलब्धता पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए.
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि तकनीकी खराबियों की समय पर पहचान कर उनका त्वरित निराकरण किया जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर पुलिस और प्रशासन को सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध हो सके. त्योहारों के दौरान सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा गया.
निगरानी के लिए नोडल पदाधिकारी होंगे नामित
सीसीटीवी कैमरों की नियमित जांच और रखरखाव सुनिश्चित करने के लिए आयुक्त ने प्रत्येक जिले में नोडल पदाधिकारी नामित करने का निर्देश दिया. इस व्यवस्था में संबंधित जिले के राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) के तकनीकी पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा.
नामित पदाधिकारी समय-समय पर सभी कैमरों की जांच करेंगे. वे कैमरों की वास्तविक कार्यशीलता, तकनीकी स्थिति और रिकॉर्ड किए गए फुटेज की उपलब्धता की समीक्षा कर नियमित प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे. इसके साथ ही पुलिस पदाधिकारियों को भी अपने स्तर से कैमरों और उनसे जुड़े उपकरणों की स्थिति की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया गया है.
नगर निगम और स्मार्ट सिटी के कैमरों की भी होगी समीक्षा
प्रमंडलीय आयुक्त राजेश कुमार ने पटना नगर निगम क्षेत्र में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की भी समीक्षा की. उन्होंने निर्देश दिया कि नगर निगम या किसी अन्य एजेंसी की ओर से लगाए गए सभी कैमरों को पूरी तरह क्रियाशील रखा जाए.
खराब कैमरों और संबंधित उपकरणों की तत्काल मरम्मत कराने के साथ उनकी नियमित निगरानी एवं रखरखाव की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया. इसका उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में निगरानी व्यवस्था को मजबूत बनाना और जरूरत के समय कैमरों से प्राप्त फुटेज का उपयोग सुनिश्चित करना है.
नागरिकों की सुरक्षा और प्रशासनिक पारदर्शिता पर जोर
आयुक्त ने कहा कि सीसीटीवी कैमरे जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण व्यवस्था हैं. इनके माध्यम से आम नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा बेहतर बनाने, आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण रखने तथा प्रशासनिक एवं पुलिस कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने में मदद मिलती है.
उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों से इस व्यवस्था को प्रभावी और भरोसेमंद बनाए रखने के लिए गंभीरता से काम करने को कहा. बैठक में पटना की महापौर सीता साहू, आयुक्त के सचिव विनय कुमार ठाकुर सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.

0 Response to "त्योहारों से पहले पटना में CCTV पर बड़ा एक्शन, सभी थानों और ओपी को लेकर आयुक्त ने दिए सख्त निर्देश"
एक टिप्पणी भेजें