पटना में मां दुर्गा के दर्शन के लिए उमड़े श्रद्धालु, बांग्ला विधि से पूजा और धुनुची नृत्य ने बांधा समां
पटना: दुर्गापूजा को लेकर राजधानी पटना में उत्साह चरम पर है. सप्तमी के अवसर पर विभिन्न पूजा पंडालों में मां दुर्गा के पट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए गए हैं. सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ रही है. बंगाली अखाड़ा, पटना कालीबाड़ी और गर्दनीबाग समेत कई स्थानों पर बांग्ला विधि से पूजा-अर्चना की जा रही है.
श्रद्धालु मां दुर्गा को पुष्पांजलि अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना कर रहे हैं. पूजा पंडालों में मंत्रोच्चार, ढाक की थाप और आरती के बीच भक्तिमय माहौल बना हुआ है.
बंगाली अखाड़ा और पटना कालीबाड़ी में उमड़ी भीड़
बंगाली अखाड़ा, पटना कालीबाड़ी, गर्दनीबाग और सीडीएम बिल्डिंग के पास न्यू रेलवे कॉलोनी सहित विभिन्न पूजा स्थलों पर बांग्ला परंपरा के अनुसार धार्मिक अनुष्ठान किए जा रहे हैं. यहां सुबह से ही मां के दर्शन के लिए श्रद्धालु पहुंच रहे हैं.
पूजा के दौरान धूप और लौंग अर्पित करने के साथ ढाक की थाप पर आरती की गई. कई पूजा पंडालों में धुनुची नृत्य ने उत्सव की रौनक बढ़ा दी. शुक्रवार को मां कात्यायनी की पूजा के साथ अन्य पारंपरिक अनुष्ठान भी संपन्न किए गए.
सप्तमी पर नवपत्रिका प्रवेश और प्राण प्रतिष्ठा का विशेष महत्व
बंगाली परंपरा में दुर्गापूजा की सप्तमी का विशेष महत्व है. इस दिन नवपत्रिका प्रवेश और मां दुर्गा की प्रतिमा में प्राण प्रतिष्ठा का अनुष्ठान किया जाता है.
नवपत्रिका की रस्म में केले के पौधे को गंगा स्नान कराया जाता है. इसके बाद उसे लाल किनारी वाली साड़ी पहनाकर पूजा के लिए स्थापित किया जाता है. इसे बंगाली परंपरा में 'कलाबोउ' कहा जाता है और भगवान गणेश के पास रखा जाता है.
इन अनुष्ठानों के बाद महाआरती और पुष्पांजलि का आयोजन होता है. श्रद्धालु मां के चरणों में फूल अर्पित कर परिवार की खुशहाली और जीवन में सुख-शांति की प्रार्थना करते हैं.
पटना के मंदिरों में भी दर्शन के लिए पहुंच रहे भक्त
दुर्गापूजा के अवसर पर पटना के प्रमुख मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ देखी जा रही है. अगमकुआं स्थित शीतला माता मंदिर, पटना सिटी की बड़ी और छोटी पटनदेवी, गोलघर स्थित अखंडवासिनी मंदिर और मां सिद्धेश्वरी देवी मंदिर में भक्त पूजा-अर्चना के लिए पहुंच रहे हैं.
श्रद्धालु मां के दर्शन कर सुख, शांति और समृद्धि का आशीर्वाद मांग रहे हैं. मंदिरों के आसपास भी पर्व को लेकर उत्साह का माहौल है.
गर्दनीबाग ठाकुरबाड़ी में बेल वृक्ष के पास हुआ मां का आह्वान
गर्दनीबाग ठाकुरबाड़ी में शुक्रवार को अश्विनी षष्ठी के अवसर पर बेल वृक्ष के पास मां दुर्गा का आह्वान किया गया. इसके बाद दुर्गा दरबार के पट खोलकर आरती की गई.
पट खुलते ही श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया. सप्तमी पर पूजा पंडालों में विशेष अनुष्ठानों के साथ दर्शन-पूजन का सिलसिला जारी है. राजधानी में जगह-जगह सजे पंडाल और धार्मिक आयोजनों ने दुर्गोत्सव की रौनक बढ़ा दी है.
