पटना के जेपी गंगा पथ पर खतरनाक बाइक स्टंट, अभि सिंह पर FIR; ड्राइविंग लाइसेंस रद करने की तैयारी
Patna News: इंटरनेट मीडिया पर लाइक्स और लोकप्रियता हासिल करने के लिए सड़क पर खतरनाक स्टंट करना एक युवक को भारी पड़ गया. जेपी गंगा पथ पर बाइक से जोखिम भरे करतब दिखाने का वीडियो सामने आने के बाद यातायात पुलिस ने अभि सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस अब उसका ड्राइविंग लाइसेंस रद कराने की प्रक्रिया में जुटी है.
यातायात पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर को इंटरनेट मीडिया टीम की नजर इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए एक वीडियो पर पड़ी. वीडियो में स्पोर्ट्स बाइक सवार एक युवक जेपी गंगा पथ पर कुर्जी के पास खतरनाक तरीके से बाइक चलाता दिखाई दे रहा था.
युवक बाइक का अगला पहिया हवा में उठाकर पिछले पहिये के सहारे सड़क पर दौड़ रहा था. खास बात यह थी कि बाइक पर पीछे एक अन्य व्यक्ति भी बैठा हुआ था. स्टंट के दौरान चालक ने हेलमेट भी नहीं पहन रखा था.
इंस्टाग्राम वीडियो से खुली पोल, बाइक नंबर से हुई पहचान
सड़क पर इस तरह का स्टंट करना न केवल बाइक सवार, बल्कि आसपास चल रहे दूसरे वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है. थोड़ी-सी लापरवाही किसी बड़े सड़क हादसे का कारण बन सकती थी.
वीडियो सामने आने के बाद यातायात पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. जांच के दौरान पता चला कि स्टंट का वीडियो 'ऋषि राइडर 94' नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड किया गया था. इस अकाउंट का धारक अभि सिंह बताया गया है.
पुलिस ने बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर चालक की पहचान की. इसके बाद गांधी मैदान यातायात थाना में लापरवाही और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई.
ड्राइविंग लाइसेंस रद कराने की तैयारी में पुलिस
यातायात पुलिस अब युवक के ड्राइविंग लाइसेंस को रद कराने की प्रक्रिया में जुटी है. पुलिस की इंटरनेट मीडिया टीम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट किए जा रहे ऐसे वीडियो पर लगातार नजर रख रही है, जिनमें यातायात नियमों का उल्लंघन कर सड़क पर खतरनाक करतब दिखाए जाते हैं.
जेपी गंगा पथ पर बाइक से स्टंट करने के मामलों में पहले भी कई चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है. पुलिस की कार्रवाई का उद्देश्य सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना और युवाओं को सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए जान जोखिम में डालने वाले करतबों से रोकना है.
