पवन सिंह पर पत्नी ज्योति सिंह का तंज, बोलीं- 10 जगह मुंह मारने वाला पति नहीं चाहिए
Pawan Singh: भोजपुरी अभिनेता और गायक पवन सिंह एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं. नवरात्र के दौरान मुंगेर में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह का जिक्र करते हुए उनसे माफी मांगी थी. अब उनकी पत्नी ज्योति सिंह का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह पति को लेकर तंज कसती नजर आ रही हैं. वीडियो में ज्योति कहती हैं कि उन्हें ऐसा पति नहीं चाहिए, जो कई जगहों पर मुंह मारता हो. उनके इस बयान को पवन सिंह के पुराने रिश्ते और हालिया बयान से जोड़कर देखा जा रहा है.
अक्षरा सिंह को लेकर पवन सिंह ने मंच से क्या कहा था
मुंगेर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पवन सिंह ने मंच से अक्षरा सिंह का जिक्र किया था. उन्होंने कहा था, “अक्षरा सिंह मेरा बाबू है, मेरा बच्चा है. उनके पिताजी हमारे भइया हैं और उनकी माताजी मेरी भाभी हैं. मैंने सॉरी बोला ना. अब एक बार चारों तरफ ताली बजाओ.”
पवन सिंह के इस बयान के बाद कार्यक्रम में मौजूद दर्शकों ने तालियां बजाईं. इसके बाद उन्होंने लोगों से पूछा कि कौन-कौन चाहता है कि अक्षरा सिंह और उनकी जोड़ी एक बार फिर साथ नजर आए. इस पर बड़ी संख्या में दर्शकों ने हाथ उठाकर और तालियां बजाकर अपनी पसंद जाहिर की.
दर्शकों के उत्साह को देखते हुए पवन सिंह ने अक्षरा सिंह के साथ दोबारा मंच साझा करने और साथ में कार्यक्रम करने की संभावना के संकेत भी दिए. उनके इस बयान के बाद भोजपुरी इंडस्ट्री में दोनों के रिश्ते को लेकर एक बार फिर चर्चाएं शुरू हो गयीं.
ज्योति सिंह ने वीडियो में क्या कहा
पवन सिंह के बयान के बाद उनकी पत्नी ज्योति सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है. वीडियो में वह नवरात्र के दौरान दोस्तों के साथ सिंदूर खेला करती नजर आ रही हैं. इस दौरान उनकी छोटी बहन जूही सिंह और दोस्त भी उनके साथ मौजूद हैं. सभी आपस में हंसी-मजाक करते दिखाई देते हैं.
इसी बीच ज्योति की एक दोस्त कहती हैं कि ऐसा व्यक्ति नहीं होना चाहिए, जो थूककर चाटने लगे. दोस्त की बात सुनकर ज्योति जोर से हंसने लगती हैं. इसके बाद वह कहती हैं कि ऐसा व्यक्ति होना चाहिए, जो स्वाभिमान को बरकरार रखे.
वीडियो में कही गयी इन बातों को पवन सिंह के हालिया बयान और उनके निजी जीवन से जोड़कर देखा जा रहा है. हालांकि, वीडियो में ज्योति ने किसी का नाम लेकर सीधे तौर पर यह बात नहीं कही है.
पवन सिंह ने ज्योति सिंह से की थी दूसरी शादी
पवन सिंह ने ज्योति सिंह से 6 मार्च 2018 को शादी की थी. ज्योति उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के मिड्ढी गांव की रहने वाली हैं. उन्होंने फैशन डिजाइनिंग की पढ़ाई की है. शादी के बाद वह आमतौर पर लाइमलाइट से दूर रहती थीं.
वर्ष 2022 में ज्योति सिंह ने तलाक के लिए अदालत में अर्जी दाखिल की थी. उस दौरान उन्होंने पवन सिंह पर मारपीट और जबरन गर्भपात कराने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे. उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि शादी के बाद उन्हें परेशान किया गया. ये आरोप ज्योति सिंह की ओर से लगाए गए थे.
अक्षरा सिंह के साथ रिश्ते को लेकर भी लगाए थे आरोप
तलाक की कानूनी प्रक्रिया के दौरान ज्योति सिंह ने पवन सिंह और भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह के रिश्ते को लेकर भी कई दावे किए थे. उन्होंने आरोप लगाया था कि पवन सिंह का अक्षरा सिंह के साथ पहले संबंध था. ज्योति ने यह भी दावा किया था कि अक्षरा तीन महीने की गर्भवती थीं और पवन सिंह उन्हें अपनी पत्नी बताते थे.
इन आरोपों और दावों को लेकर पहले भी भोजपुरी मनोरंजन जगत में काफी चर्चा हुई थी. अब अक्षरा सिंह से माफी मांगने के बाद पवन सिंह का बयान और ज्योति सिंह का वायरल वीडियो एक बार फिर सुर्खियों में है.

