बिहार की खबरें, सबसे पहले
ब्रेकिंग
ताजा खबरें पढ़ने के लिए Nation Sutra से जुड़े रहें

पंजाब चुनाव से पहले NDA में अकाली दल की वापसी के संकेत, अमित शाह के बयान से बढ़ी हलचल


BJP Akali Dal alliance
: पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल के बीच फिर से गठबंधन की अटकलें तेज हो गयी हैं. केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के एक बयान के बाद इन चर्चाओं को और बल मिला है. दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान शाह ने बिना किसी दल का नाम लिए कहा कि पंजाब में इस बार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की सरकार बनने जा रही है. उनके इस बयान को भाजपा और अकाली दल के बीच संभावित गठबंधन के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है. हालांकि, दोनों दलों की ओर से गठबंधन की औपचारिक घोषणा नहीं की गयी है. 

मोदी और सुखबीर बादल की मुलाकात के बाद बढ़ी थी चर्चा

दरअसल, संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की मुलाकात के बाद से ही दोनों दलों के फिर साथ आने की अटकलें लगायी जा रही थीं. अगस्त 2026 में हुई इस मुलाकात के बाद राजनीतिक हलकों में गठबंधन की संभावनाओं पर चर्चा तेज हुई थी. हालांकि, भाजपा के कई नेता पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी की बात कहते रहे हैं. 

सीट बंटवारे पर भी चर्चा की अटकलें

गठबंधन की संभावनाओं के बीच दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर भी कयास लगाये जा रहे हैं. वर्ष 2020 में कृषि कानूनों के मुद्दे पर भाजपा और अकाली दल का गठबंधन टूट गया था. उससे पहले दोनों दल लंबे समय तक सहयोगी रहे थे. पुराने सीट बंटवारे के फॉर्मूले के तहत भाजपा 117 में से करीब 23 सीटों पर चुनाव लड़ती थी, जबकि बाकी सीटों पर अकाली दल के उम्मीदवार उतरते थे.

इस बार भाजपा की ओर से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ने की संभावनाओं की चर्चा है. वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को पंजाब में अकाली दल की तुलना में अधिक मत मिले थे. इसी आधार पर सीटों के बंटवारे में भाजपा की बड़ी हिस्सेदारी की मांग की अटकलें लगायी जा रही हैं. हालांकि, दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर किसी अंतिम सहमति की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. 

अमित शाह के ताजा बयान के बाद गठबंधन को लेकर राजनीतिक चर्चाएं फिर तेज हो गयी हैं. अब सभी की नजरें दोनों दलों के अगले कदम और गठबंधन को लेकर होने वाली किसी औपचारिक घोषणा पर टिकी हैं.