बिहार की खबरें, सबसे पहले
ब्रेकिंग
ताजा खबरें पढ़ने के लिए Nation Sutra से जुड़े रहें

राघोपुर नाव हादसे के 24 घंटे बाद पीड़ित परिवारों से मिले तेजस्वी यादव, लोगों ने पूछा- इस्तीफा क्यों नहीं देते?


बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में मंगलवार रात गंगा नदी में नाव पलटने से 13 बच्चों की मौत हो गई. हादसे के बाद रामपुर श्यामचंद गांव में मातम पसरा है. मृतकों की उम्र 6 से 18 साल के बीच बताई गई है. इनमें सात बच्चियां एक ही परिवार की थीं. हादसे के समय नाव पर 20 से अधिक लोग सवार थे. सभी तेरहवीं के भोज में शामिल होने के लिए नदी पार कर रहे थे.

यह हादसा मंगलवार रात करीब 8:30 बजे हुआ. शुरुआती जानकारी के अनुसार, नाव पर क्षमता से अधिक लोग सवार थे. नाव में छेद होने और पानी भरने की बात भी सामने आई है. हादसे के दौरान 15 वर्षीय चांदनी कुमारी ने तैरकर दो बच्चों को बचाया. घटना के बाद स्थानीय लोगों और बचाव दल ने राहत एवं बचाव कार्य चलाया.

24 घंटे बाद राघोपुर पहुंचे तेजस्वी यादव, लोगों ने किया विरोध

हादसे के करीब 24 घंटे बाद बुधवार देर शाम नेता प्रतिपक्ष और राघोपुर के विधायक तेजस्वी यादव पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे. उन्होंने मृत बच्चों के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की. तेजस्वी ने कहा कि इस घटना को भुलाया नहीं जा सकता. इससे पहले उन्होंने हादसे की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की थी.

हालांकि, तेजस्वी के पहुंचने पर कुछ स्थानीय लोगों ने विरोध जताया. लोगों ने उनसे इस्तीफा देने की मांग की. घटना के बाद इलाके में प्रशासनिक जिम्मेदारी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.

नित्यानंद राय और पप्पू यादव ने भी पीड़ित परिवारों से की मुलाकात

केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने रामपुर श्यामचंद गांव पहुंचकर हादसे से प्रभावित परिवारों से मुलाकात की. उन्होंने कहा कि यह दुर्घटना बेहद दुखद है और इस कठिन समय में केंद्र तथा बिहार सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है.

पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने भी पीड़ित परिवारों से मुलाकात की. उन्होंने बाढ़ के दौरान हुई मौतों और राहत व्यवस्था को लेकर सरकार पर सवाल उठाए. पप्पू यादव ने पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करने की मांग की.

चिराग पासवान ने दोषियों पर कार्रवाई की मांग की

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान बुधवार सुबह मृत बच्चों के परिजनों से मिलने पहुंचे. उन्होंने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि जिन परिवारों ने अपने बच्चों को खोया है, उनकी मदद के लिए हरसंभव प्रयास किया जाना चाहिए. उन्होंने घायलों के बेहतर इलाज और हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जरूरत भी बताई.

राजद सांसद मनोज कुमार झा ने घटना को गंभीर लापरवाही का नतीजा बताते हुए सरकार की जवाबदेही पर सवाल उठाए. वहीं, मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं.

डीएम ने सीओ और थानाध्यक्ष पर कार्रवाई के संकेत दिए

हादसे के बाद वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने कहा कि नाव के मालिक और परिचालन से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि निगरानी की जिम्मेदारी निभाने वाले अधिकारियों की भूमिका की जांच होगी.

प्रशासन के अनुसार, नाव के परिचालन और सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही की आशंका की जांच की जा रही है. अंचल अधिकारी और थानाध्यक्ष से स्पष्टीकरण मांगे जाने तथा उनके वेतन पर रोक लगाने की कार्रवाई भी सामने आई है.

घायलों का पटना में इलाज, परिवारों ने पोस्टमॉर्टम से किया इनकार

हादसे में बचाए गए लोगों को इलाज के लिए पटना के नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (NMCH) लाया गया. बुधवार को अस्पताल में चार बच्चों समेत घायलों के इलाज की जानकारी दी गई थी. अस्पताल से मिली अलग-अलग अपडेट के अनुसार, कुछ घायलों को छुट्टी भी दी गई. गंभीर रूप से बीमार बच्चों की हालत पर डॉक्टर नजर बनाए हुए थे.

दूसरी ओर, मृत बच्चों के शव गांव पहुंचने के बाद परिवारों ने पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया. स्थानीय लोगों ने बताया कि परिवार कबीर पंथ की परंपरा का पालन करता है. हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल बना हुआ है.

नाव हादसे की जांच कमेटी गठित

बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने NMCH पहुंचकर घायलों से मुलाकात की. उन्होंने बताया कि घटना की जांच के लिए कमेटी बनाई गई है. जांच में हादसे के कारणों और जिम्मेदार लोगों की भूमिका की पड़ताल की जाएगी.

इस हादसे ने गंगा पार करने वाले दियारा क्षेत्रों में नावों की सुरक्षा, क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने और रात में नाव परिचालन की निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब सबकी नजर जांच रिपोर्ट और प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर है.