पटना में अक्षरा सिंह की छठ संध्या, सम्राट चौधरी-नितिन नवीन समेत कई नेताओं को न्योता; सियासी मुलाकातों की भी चर्चा
Akshara Singh Chhath Puja: भोजपुरी अभिनेत्री और गायिका अक्षरा सिंह इन दिनों अपने छठ आयोजन और राजनीतिक हस्तियों से मुलाकात को लेकर चर्चा में हैं. मुंबई में रहने के बावजूद अक्षरा इस बार भी लोक आस्था का महापर्व छठ अपनी जन्मभूमि बिहार में मनाने की तैयारी कर रही हैं. इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और मंत्री निशांत कुमार समेत कई गणमान्य लोगों को आमंत्रित किया है.
अक्षरा सिंह के मुताबिक, छठ उनके लिए केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि बिहार की मिट्टी, संस्कृति और परंपरा से जुड़ने का अवसर है. इसी भावना के साथ पटना में विशेष आयोजन की तैयारी की जा रही है.
कंकड़बाग के रेनबो मैदान में होगी छठ संध्या
अक्षरा सिंह की ओर से पटना के कंकड़बाग स्थित रेनबो मैदान में संध्या अर्घ्य के अवसर पर विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इसमें कई चर्चित गायिकाओं और कलाकारों के शामिल होने की बात कही गई है. कार्यक्रम में छठ के पारंपरिक गीतों के साथ भोजपुरी संगीत और बिहार की लोक संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी. हालांकि, कलाकारों की पूरी सूची अभी सामने नहीं आई है.
सम्राट चौधरी और नितिन नवीन से मिलीं अक्षरा सिंह
छठ आयोजन को लेकर अक्षरा सिंह ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से भी मुलाकात की है. उन्होंने दोनों नेताओं को छठ पूजा के कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया. इसके अलावा जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और मंत्री निशांत कुमार समेत कई अन्य गणमान्य लोगों को भी आमंत्रित किया गया है.
अक्षरा सिंह की हालिया मुलाकातों में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और मोकामा विधायक अनंत सिंह का नाम भी चर्चा में रहा है. अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेताओं से उनकी मुलाकातों के कारण बिहार के राजनीतिक गलियारों में उनकी संभावित सियासी पारी को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं. हालांकि, अक्षरा सिंह की ओर से राजनीति में प्रवेश को लेकर कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है.
छठ को देशभर में सांस्कृतिक पहचान दिलाना चाहती हैं अक्षरा
अक्षरा सिंह का मानना है कि छठ महापर्व को देशभर में व्यापक सांस्कृतिक पहचान मिलनी चाहिए. उन्होंने पंजाब की लोहड़ी, मुंबई के गणपति उत्सव और बंगाल की दुर्गापूजा का उदाहरण देते हुए छठ को भी बड़े सांस्कृतिक उत्सव के रूप में प्रस्तुत करने की इच्छा जताई है.
उनके मुताबिक, छठ केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बिहार की पहचान, लोक आस्था और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है. वह चाहती हैं कि इस पर्व के पारंपरिक गीतों, रीति-रिवाजों और लोक संस्कृति को देश के दूसरे हिस्सों में भी पहचान मिले.
मुंबई में रहती हैं, लेकिन बिहार की परंपराओं से जुड़ाव
भोजपुरी फिल्मों और संगीत में अपनी पहचान बना चुकी अक्षरा सिंह काम के सिलसिले में मुंबई में रहती हैं. इसके बावजूद बिहार के त्योहारों और परंपराओं से उनका जुड़ाव बना हुआ है. उनका कहना है कि अपनी जन्मभूमि पर छठ मनाने का अनुभव अलग होता है.
इस बार पटना में छठ पूजा और सांस्कृतिक संध्या के आयोजन के जरिए वह आस्था और मनोरंजन को एक मंच पर लाने की तैयारी में हैं. अब लोगों की नजर इस बात पर रहेगी कि रेनबो मैदान में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में आमंत्रित राजनीतिक और सांस्कृतिक जगत की कौन-कौन सी हस्तियां शामिल होती हैं.
