बिहार की खबरें, सबसे पहले
ब्रेकिंग
ताजा खबरें पढ़ने के लिए Nation Sutra से जुड़े रहें

अनंत सिंह की बेटी की शादी में जुटेगा हुजूम! 10 बीघा में बन रहा पंडाल, घुड़दौड़ से लेकर 150 पकवानों तक की तैयारी


Anant Singh Daughter Wedding:
मोकामा के विधायक अनंत सिंह के घर शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं. उनकी दूसरी बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर 2026 को होनी है. विवाह समारोह को लेकर अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां में बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं. गांव में भव्य टेंट और पंडाल बनाए जा रहे हैं. इस आयोजन में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ घुड़दौड़ प्रतियोगिता कराने की भी तैयारी है.

शादी समारोह के लिए टेंट और पंडाल लगाने वाले कारीगरों तथा जरूरी सामान को उत्तर प्रदेश के मऊ से बुलाया गया है. करीब 10 बीघा जमीन पर आयोजन की तैयारियां चल रही हैं. मेहमानों के भोजन के लिए अलग से बड़ा मैदान तैयार किया जा रहा है. सजावट के लिए विदेशों से आकर्षक फूल मंगाए जाने की बात कही जा रही है. वहीं, घुड़दौड़ प्रतियोगिता के लिए भी जमीन को समतल कर मैदान बनाया जा रहा है. फिलहाल अनंत सिंह पटना में रह रहे हैं.

अमेरिका में रह रहे युवक से होगी शिवांगी की शादी

शिवांगी सिंह का विवाह पटना जिले के बिहटा क्षेत्र के कृष्णानगर निवासी रणविजय सिंह के पुत्र ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित से तय हुआ है. रणविजय सिंह कमांडेंट हैं. जानकारी के मुताबिक, ऋषिकेश पिछले 11 वर्षों से अमेरिका में रह रहे हैं. उन्होंने अटलांटा स्थित जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी से एमबीए की पढ़ाई पूरी की है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 20 नवंबर को तिलक और फलदान का कार्यक्रम आयोजित होगा. वहीं, 25 नवंबर को शिवांगी सिंह का विवाह और अनंत सिंह के छोटे बेटे अभिनव का उपनयन संस्कार संपन्न होगा.

विधायक अनंत सिंह और पूर्व विधायक नीलम देवी की दो बेटियां राजनंदनी सिंह और शिवांगी सिंह हैं. उनके तीन बेटे अंकित, अभिषेक और अभिनव हैं. अनंत सिंह की बड़ी बेटी राजनंदनी सिंह की शादी लखीसराय जिले के प्रतापपुर निवासी कुमार पुनीत से हुई है. कुमार पुनीत केंद्रीय सेवा में अधिकारी हैं.

ग्रामीण भी तैयारियों में जुटे, बड़े आयोजन की संभावना

ग्रामीण बंटी सिंह के अनुसार, शादी समारोह की तैयारियों में गांव के लोग भी सहयोग कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि विवाह में बिहार के अलावा देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में मेहमानों के पहुंचने की संभावना है. आयोजन को लेकर पूरे इलाके में उत्सुकता बनी हुई है.

दामाद को डिफेंडर और बेटे को BMW देने की चर्चा

शादी समारोह में दिए जाने वाले महंगे उपहारों को लेकर भी चर्चाएं हो रही हैं. मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, अनंत सिंह अपनी बेटी के भावी पति को उपहार में लैंड रोवर डिफेंडर गाड़ी दे सकते हैं. वहीं, बेटे अभिनव के उपनयन संस्कार पर BMW कार देने की भी चर्चा है. हालांकि, इन उपहारों को लेकर परिवार की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.

चार लाख लोगों के भोजन की तैयारी

समारोह में करीब चार लाख लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए बड़े पैमाने पर भोजन की व्यवस्था की जा रही है. मेहमानों के लिए 150 से अधिक प्रकार के व्यंजन तैयार किए जाने की चर्चा है. इसमें बिहार के पारंपरिक पकवानों के साथ दूसरे राज्यों के प्रसिद्ध व्यंजन भी शामिल होंगे. मिठाइयों में काजू कतली और सिलाव का प्रसिद्ध खाजा भी परोसे जाने की तैयारी बताई जा रही है.

घुड़दौड़ प्रतियोगिता के विजेताओं को मिलेंगे बड़े पुरस्कार

विवाह समारोह के दौरान घुड़दौड़ प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रहने वाली है. आयोजन से जुड़ी जानकारी के अनुसार, प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विजेता को महिंद्रा थार और दूसरे स्थान पर रहने वाले प्रतिभागी को मोटरसाइकिल पुरस्कार के रूप में दी जाएगी.

राजनीति और फिल्म जगत की हस्तियों को निमंत्रण

इस भव्य आयोजन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव समेत कई राजनीतिक हस्तियों को आमंत्रित किए जाने की जानकारी सामने आई है. इसके अलावा फिल्म और भोजपुरी जगत के कलाकारों को भी निमंत्रण भेजे जाने की चर्चा है. इनमें सोनू सूद, पवन सिंह, मनोज तिवारी और गुंजन सिंह के नाम शामिल हैं. हालांकि, इन नेताओं और कलाकारों की समारोह में मौजूदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

दुलारचंद यादव हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट के आदेश से चर्चा में अनंत सिंह

बेटी की शादी की तैयारियों के बीच अनंत सिंह दुलारचंद यादव हत्याकांड को लेकर भी चर्चा में हैं. इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें बेटी की शादी के मद्देनजर एक दिसंबर 2026 तक सरेंडर करने का आदेश दिया है. उल्लेखनीय है कि शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को निर्धारित है.

दुलारचंद यादव की हत्या 30 अक्टूबर 2025 को बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान हुई थी. उस समय मोकामा विधानसभा क्षेत्र के तारतर गांव के पास जन सुराज प्रत्याशी पीयूष और जदयू विधायक अनंत सिंह के काफिले आमने-सामने आ गए थे. गाड़ी निकालने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गया. इस दौरान कई गाड़ियों के शीशे टूटे और दुलारचंद यादव के पैर में गोली लगने से उनकी मौत हो गई.

इस मामले में एक नवंबर 2025 को अनंत सिंह को गिरफ्तार कर बेऊर जेल भेजा गया था. अब सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद उन्हें एक दिसंबर तक सरेंडर करना है.

जदयू से निष्कासन के बाद भी राजनीतिक चर्चा में रहे अनंत सिंह

अनंत सिंह ने एमएलसी चुनाव के दौरान जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह का समर्थन किया था और जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार का विरोध किया था. हालांकि, चुनाव में नीरज कुमार को जीत मिली. इसके बाद जदयू ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में अनंत सिंह को पार्टी से निष्कासित कर दिया था.

इसके साथ ही उनकी विधानसभा सदस्यता रद्द करने की अनुशंसा किए जाने और पटना स्थित सरकारी आवास खाली करने का नोटिस दिए जाने की बात भी सामने आई थी.