बेटी की शादी में सिर्फ एक शख्स को नहीं बुलाएंगे अनंत सिंह, जानिए कौन
Anant Singh: बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह अपनी बेटी शिवांगी सिंह की शादी को लेकर चर्चा में हैं. 25 नवंबर 2026 को होने वाली शादी में बिहार की राजनीति से लेकर फिल्म जगत तक की कई बड़ी हस्तियों को आमंत्रित किया जाएगा. अनंत सिंह ने साफ कर दिया है कि शादी में लगभग सभी लोगों को न्योता मिलेगा, लेकिन एक शख्स को इससे दूर रखा जाएगा.
दरअसल, अनंत सिंह ने एक इंटरव्यू के दौरान पत्रकार के सवाल पर यह खुलासा किया. पत्रकार ने पूछा कि क्या बेटी की शादी में सभी लोगों को बुलाएंगे? इस पर अनंत सिंह ने कहा कि नीरज कुमार को छोड़कर बाकी सभी लोगों को शादी का निमंत्रण दिया जाएगा.
कौन हैं वह शख्स, जिसे नहीं मिलेगा शादी का कार्ड?
अनंत सिंह ने जिस व्यक्ति को शादी में नहीं बुलाने की बात कही है, वह जेडीयू नेता और विधान पार्षद नीरज कुमार हैं. दोनों नेताओं के बीच लंबे समय से राजनीतिक और व्यक्तिगत मतभेद रहे हैं. अनंत सिंह ने अपने बयान में भी इस विरोध को इसकी वजह बताया है.
हाल ही में पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव में अनंत सिंह ने जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार के बजाय जन सुराज के प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह का समर्थन किया था. इसके बाद जेडीयू ने अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया था.
नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव को भी देंगे न्योता
अनंत सिंह ने कहा है कि बेटी की शादी में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, संजय झा, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, तेजस्वी यादव और प्रशांत किशोर समेत कई प्रमुख नेताओं को आमंत्रित किया जाएगा. उनके मुताबिक, शादी में उनके लिए कोई राजनीतिक विरोधी नहीं है. हालांकि, नीरज कुमार को लेकर उनका रुख अलग है.
25 नवंबर को होगी शिवांगी सिंह की शादी
अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को उनके पैतृक गांव लदमा (नदवां), पटना जिले में होगी. उनके होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार अमेरिका में रहते हैं और उन्होंने जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी से एमबीए की पढ़ाई की है.
शादी को यादगार बनाने के लिए गांव में बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं. समारोह में घुड़दौड़ प्रतियोगिता भी आयोजित होगी. इसमें पहले स्थान पर आने वाले को थार, दूसरे को बाइक और तीसरे स्थान पर रहने वाले को स्कूटी देने की घोषणा की गई है.
इसे भी पढ़ें: बिहार म्यूजियम को दुनिया में 9वां और एशिया में पहला स्थान, नीतीश कुमार के ड्रीम प्रोजेक्ट पर BJP-JDU आमने-सामने
