बिहार की खबरें, सबसे पहले
ब्रेकिंग
ताजा खबरें पढ़ने के लिए Nation Sutra से जुड़े रहें

अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता पर संकट: 7 दिनों के भीतर देना होगा जवाब, जदयू की शिकायत पर नोटिस जारी


Anant Singh:
जदयू से निष्कासित विधायक अनंत सिंह को सात दिनों के भीतर जवाब देना होगा कि उनकी विधानसभा की सदस्यता क्यों न समाप्त कर दी जाए. विधानसभा के प्रभारी सचिव संजय कुमार सिंह ने सोमवार को अनंत सिंह के नाम कारण बताओ नोटिस जारी किया.

यह कार्रवाई जदयू की ओर से भेजे गए उस पत्र के आधार पर की गई है, जिसमें अनंत सिंह पर दल-बदल कानून का उल्लंघन करने का आरोप लगाया गया है. नोटिस में जदयू के पत्र का भी उल्लेख किया गया है.

विधान परिषद चुनाव में पार्टी विरोधी भूमिका का आरोप

जदयू ने हाल में संपन्न विधान परिषद के शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव में अनंत सिंह की कथित दल-विरोधी भूमिका को लेकर कार्रवाई की थी. पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू ने नीरज कुमार को अपना अधिकृत प्रत्याशी बनाया था. आरोप है कि अनंत सिंह ने जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह के पक्ष में प्रचार किया.

जदयू ने छह साल के लिए किया निष्कासित

जदयू ने अपने स्तर पर कार्रवाई करते हुए अनंत सिंह की प्राथमिक सदस्यता समाप्त कर दी थी और उन्हें छह वर्षों के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया था. अब विधानसभा की ओर से जारी कारण बताओ नोटिस में उनसे पूछा गया है कि उनकी सदस्यता समाप्त करने की कार्रवाई क्यों न की जाए.

अनंत सिंह को नोटिस का जवाब सात दिनों के भीतर देना है. उनके जवाब के बाद आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा.