बांग्लादेश में शेख हसीना की वापसी से पहले बवाल, बस में जिंदा जला ड्राइवर; कई जगह आगजनी और बम धमाके
डेस्क: बांग्लादेश में एक बार फिर राजनीतिक तनाव गहराने के साथ हिंसा की घटनाएं सामने आने लगी हैं. अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के दिसंबर में स्वदेश लौटने के ऐलान के बाद देश के अलग-अलग हिस्सों में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. इस बीच झड़प, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाओं ने आम जनजीवन को प्रभावित किया है.
फरीदपुर जिले में उपद्रवियों ने एक खड़ी बस में आग लगा दी. घटना के समय बस के अंदर सो रहे चालक की धुएं में दम घुटने से मौत हो गई. इसके अलावा देश के विभिन्न इलाकों में कम से कम आठ वाहनों को आग के हवाले किए जाने और कई स्थानों पर देसी बम से धमाके किए जाने की खबर है.
आगजनी और तोड़फोड़ की कई घटनाएं
पुलिस ने इन घटनाओं के पीछे प्रतिबंधित अवामी लीग और उसके सहयोगी संगठनों के कार्यकर्ताओं की संलिप्तता की आशंका जताई है. हालांकि, इन घटनाओं में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है.
शारियातपुर जिले में पद्मा ब्रिज के टोल प्लाजा पर अवामी लीग के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया. इस दौरान तोड़फोड़ की गई, जिससे यातायात प्रभावित हुआ. वहीं, नेत्रकोना में हावोर एक्सप्रेस ट्रेन के एक डिब्बे में आग लगाने की घटना सामने आई. हालांकि, आग पर समय रहते काबू पा लिया गया.
तुंगीपाड़ा में भी एक पुलिस वाहन को आग के हवाले कर दिया गया. इन घटनाओं के बाद कई इलाकों में तनाव का माहौल बना हुआ है. देश में अवामी लीग की गतिविधियों पर प्रतिबंध है. वहीं, मौजूदा बीएनपी सरकार शेख हसीना के प्रत्यर्पण की मांग पर कायम है.
अस्पताल में अवामी लीग के 75 वर्षीय नेता की मौत
राजनीतिक तनाव और हिंसा के बीच किशोरगंज जिले से एक और मामला सामने आया है. यहां अवामी लीग के 75 वर्षीय स्थानीय नेता रंजीत कुमार घोष की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. उन्हें जुलाई विद्रोह से जुड़े मामलों में अगस्त महीने से जेल में बंद रखा गया था.
बताया गया कि अदालत ने उनकी मौत से एक दिन पहले ही उन्हें जमानत दे दी थी. हालांकि, जेल अधिकारियों को समय पर रिहाई का आदेश नहीं मिलने के कारण वह जेल से बाहर नहीं आ सके.
जेल प्रशासन के अनुसार, रंजीत कुमार घोष उम्र संबंधी बीमारियों से पीड़ित थे. अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
इस घटना के बाद राजनीतिक मामलों में गिरफ्तार लोगों की स्थिति और बांग्लादेश में जारी तनाव को लेकर सवाल उठने लगे हैं. एक ओर राजनीतिक टकराव बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर आगजनी और हिंसा की घटनाओं से आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता गहरा रही है.
