बिहार की खबरें, सबसे पहले
ब्रेकिंग
ताजा खबरें पढ़ने के लिए Nation Sutra से जुड़े रहें

बिहार म्यूजियम को दुनिया में 9वां और एशिया में पहला स्थान, नीतीश कुमार के ड्रीम प्रोजेक्ट पर BJP-JDU आमने-सामने


Bihar Museum Ranking 2026:
बिहार की गौरवशाली विरासत को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने वाले बिहार म्यूजियम ने वर्ष 2026 में बड़ी उपलब्धि हासिल की है. दुनिया के 100 बेहतरीन संग्रहालयों की सूची में पटना स्थित इस संग्रहालय को नौवां स्थान मिला है, जबकि एशिया में इसे पहला स्थान प्राप्त हुआ है. इस उपलब्धि से बिहार में खुशी का माहौल है, लेकिन इसके साथ ही राजनीतिक गलियारों में श्रेय लेने की होड़ भी शुरू हो गयी है. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नेता इस उपलब्धि को लेकर अपनी-अपनी दलीलें पेश कर रहे हैं.

एक तरफ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार म्यूजियम की सफलता पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के योगदान की सराहना की है. वहीं, जदयू नेता पुराने वीडियो साझा कर इसे नीतीश कुमार की दूरदर्शी सोच का परिणाम बता रहे हैं. दूसरी तरफ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इसका श्रेय दिया है. जदयू कोटे से केंद्र सरकार में मंत्री ललन सिंह ने भी वीडियो जारी कर स्पष्ट किया कि बिहार म्यूजियम नीतीश कुमार का ड्रीम प्रोजेक्ट रहा है. 

https://x.com/Jduonline/status/2116190891979554841?a=GeTsKXxBOXrEp0j7-t0&s=20

नीतीश कुमार के ड्रीम प्रोजेक्ट को मिली अंतरराष्ट्रीय पहचान

पटना स्थित बिहार म्यूजियम की परिकल्पना पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने की थी. बिहार की प्राचीन सभ्यता, गौरवशाली इतिहास, कला और सांस्कृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से इस संग्रहालय का निर्माण कराया गया था.

जुलाई 2011 में बिहार सरकार ने इसके निर्माण के लिए कनाडा की कंसल्टेंसी लॉर्ड कल्चरल रिसोर्स के साथ समझौता किया था. जून 2013 में नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री रहते इसका शिलान्यास हुआ और उसी वर्ष जुलाई में निर्माण कार्य शुरू हुआ. परियोजना की प्रगति पर नीतीश कुमार खुद नजर रखते थे.

वर्ष 2015 में संग्रहालय का एक हिस्सा तैयार हुआ. आठ अगस्त 2015 को नीतीश कुमार ने इसका उद्घाटन किया. इसके बाद भी विस्तार का काम जारी रहा और वर्ष 2017 में इसे पूरी तरह राष्ट्र को समर्पित कर दिया गया. आज यही संग्रहालय अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बिहार की पहचान मजबूत कर रहा है.

सम्राट चौधरी ने भी की नीतीश कुमार की तारीफ

बिहार म्यूजियम की उपलब्धि पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से प्रसन्नता जाहिर की. उन्होंने कहा कि यह सम्मान बिहार के गौरवशाली इतिहास, कला और संस्कृति को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है.

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में भी संग्रहालय की सराहना करते हुए इसके निर्माण का श्रेय पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रयासों को दिया. उन्होंने बताया कि यहां प्राचीन सभ्यता, ऐतिहासिक मूर्तियों, सिक्कों, पांडुलिपियों और लोककला से जुड़ी अनमोल धरोहरों का संग्रह है. यह आने वाली पीढ़ियों और अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों को बिहार के समृद्ध अतीत से परिचित कराने में अहम भूमिका निभा रहा है.

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार म्यूजियम दौरे का भी जिक्र किया. मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रधानमंत्री यहां करीब डेढ़ घंटे तक रुके थे और उन्होंने संग्रहालय को विश्वस्तरीय बताया था.

जदयू ने पुराने वीडियो से बताया नीतीश कुमार का योगदान

बिहार म्यूजियम को मिली अंतरराष्ट्रीय पहचान के बाद जदयू नेताओं ने सोशल मीडिया पर पुराने वीडियो साझा करने शुरू कर दिये हैं. इन वीडियो के माध्यम से पार्टी यह बताने की कोशिश कर रही है कि संग्रहालय का निर्माण नीतीश कुमार की सोच और उनके प्रयासों का परिणाम है.

केंद्र सरकार में जदयू कोटे से मंत्री ललन सिंह ने भी एक वीडियो जारी कर बिहार म्यूजियम को नीतीश कुमार का ड्रीम प्रोजेक्ट बताया. उन्होंने इस उपलब्धि को नीतीश कुमार की दूरदर्शिता से जोड़ते हुए कहा कि आज बिहार को मिली अंतरराष्ट्रीय पहचान के पीछे उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है.

नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री मोदी को दिया श्रेय

दूसरी ओर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बिहार म्यूजियम की उपलब्धि को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को श्रेय दिया. इससे सोशल मीडिया पर राजनीतिक बहस और तेज हो गयी है. भाजपा और जदयू समर्थक अपने-अपने नेताओं के योगदान को सामने रख रहे हैं.

इस बहस के बीच नीतीश कुमार के पुराने राजनीतिक विरोध की चर्चा भी फिर शुरू हो गयी है. बिहार म्यूजियम के निर्माण की योजना के शुरुआती दौर में इसके स्वरूप और खर्च को लेकर विरोध की बातें सामने आती रही थीं. उस समय सुशील कुमार मोदी सहित कुछ नेताओं की आपत्तियों का भी जिक्र किया जा रहा है. आज वही संग्रहालय अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मान हासिल कर चुका है.

पटना म्यूजियम से जोड़ने की भी नीतीश कुमार ने बनाई योजना

बिहार म्यूजियम को पटना म्यूजियम से जोड़ने की योजना भी नीतीश कुमार की पहल का हिस्सा रही है. इसके लिए करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी भूमिगत सुरंग बनाने की परियोजना तैयार की गयी. तीन मार्च 2026 को मुख्यमंत्री रहते नीतीश कुमार ने इस परियोजना का शिलान्यास किया था.

बिहार म्यूजियम की वैश्विक रैंकिंग ने प्रदेश को गौरवान्वित किया है. हालांकि, इस उपलब्धि के बाद राजनीतिक दलों के बीच श्रेय लेने की बहस भी चर्चा का विषय बन गयी है. एक तरफ जदयू इसे नीतीश कुमार की दूरदर्शी सोच का नतीजा बता रहा है, तो दूसरी तरफ भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योगदान को रेखांकित कर रही है.