बिहार में एनकाउंटर पर गरमाई सियासत, मीसा भारती ने पूछा- एक ही समुदाय के लोगों को क्यों बनाया जा रहा निशाना?
पटना: बिहार में पिछले कई महीनों से जारी पुलिस मुठभेड़ों को लेकर सियासत तेज हो गयी है. आरजेडी सांसद मीसा भारती ने एनकाउंटर की बढ़ती घटनाओं पर सवाल उठाते हुए राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन से जवाब मांगा है. उन्होंने कहा कि पिछले सात-आठ महीनों से बिहार में एनकाउंटर की घटनाएं आम होती जा रही हैं. आखिर ऐसी कार्रवाई क्यों हो रही है और इसके पीछे क्या वजह है, सरकार को इसका जवाब देना चाहिए.
मीसा भारती ने सवाल उठाया कि पुलिस मुठभेड़ों में एक ही समुदाय के लोगों की मौत क्यों हो रही है. उन्होंने कहा कि एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि और बिहार की नागरिक होने के नाते उन्हें यह जानने का अधिकार है कि राज्य में एनकाउंटर के नाम पर किस आधार पर कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने पुलिस की कार्रवाई में समानता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग की.
'पुलिस का काम अपराधियों को पकड़ना, सजा देना नहीं'
आरजेडी सांसद ने कहा कि पुलिस का काम अपराध के आरोपित लोगों को गिरफ्तार करना और उन्हें कानून के सामने पेश करना है. किसी को दोषी ठहराकर सजा देने का अधिकार न्यायपालिका के पास है. उन्होंने कहा कि अपराधियों की कोई जाति या धर्म नहीं होता है. ऐसे में पुलिस की कार्रवाई भी बिना किसी भेदभाव के होनी चाहिए.
मीसा भारती ने इस मुद्दे का राजनीतिकरण नहीं करने की अपील करते हुए कहा कि सरकार और पुलिस प्रशासन को इन सवालों पर जवाब देना चाहिए. उनके बयान के बाद बिहार में पुलिस मुठभेड़ों की निष्पक्षता और जवाबदेही को लेकर बहस तेज हो गयी है.
मनेर एनकाउंटर के बाद बढ़ा विवाद, तीन लोगों की हुई थी मौत
एनकाउंटर को लेकर ताजा विवाद छह नवंबर को पटना जिले के मनेर क्षेत्र में हुई पुलिस मुठभेड़ के बाद और गहरा गया. इस घटना में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम के साथ हुई गोलीबारी में तीन संदिग्ध अपराधियों की मौत हो गयी थी. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गश्ती के दौरान हुई मुठभेड़ में दूसरी ओर से गोलीबारी की गयी, जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई की.
वहीं, मृतकों के परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे सुनियोजित हत्या बताया. परिजनों और स्थानीय लोगों ने दानापुर सदर अस्पताल के बाहर प्रदर्शन भी किया. मीसा भारती ने मृतकों के परिवारों से मुलाकात की और पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल उठाये. इस घटना ने राज्य में एनकाउंटर की कार्रवाई और उसकी जांच को लेकर राजनीतिक बहस को और तेज कर दिया.
डीजीपी ने कहा था- आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करती है पुलिस
एनकाउंटर को लेकर उठ रहे सवालों के बीच बिहार के डीजीपी विनय कुमार ने अगस्त में कहा था कि मुठभेड़ के दौरान कई बार पुलिसकर्मियों को आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करनी पड़ती है. उन्होंने कहा था कि पुलिस निर्धारित प्रक्रिया का पालन करती है और अगर किसी कार्रवाई में गड़बड़ी या ज्यादती सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है.
एनकाउंटर में मौत पर जांच के हैं कानूनी प्रावधान
पुलिस मुठभेड़ में किसी व्यक्ति की मौत होने पर जांच और जवाबदेही को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने भी दिशा-निर्देश जारी कर रखे हैं. अदालत के निर्देशों के अनुसार, ऐसी मौत के मामलों में एफआईआर दर्ज करने, स्वतंत्र जांच कराने और मजिस्ट्रेट से जांच कराने जैसी प्रक्रियाओं का पालन जरूरी है. केवल पुलिस के आत्मरक्षा के दावे के आधार पर मुठभेड़ को स्वतः सही नहीं माना जा सकता.
बिहार में लगातार हो रही पुलिस मुठभेड़ों के बीच अब सवाल यह है कि राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन मीसा भारती के आरोपों पर क्या जवाब देते हैं. साथ ही, मनेर सहित हाल की मुठभेड़ों की जांच कितनी निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से होती है, इस पर भी सबकी नजर रहेगी.
