UGC नियमों पर केंद्र सरकार के रुख का श्याम सुन्दर शरण ने किया स्वागत, बोले- न्याय ऐसा हो जिसमें किसी के साथ अन्याय न हो
पटना: हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता श्याम सुन्दर शरण ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के नए इक्विटी रेगुलेशन पर केंद्र सरकार के रुख का स्वागत किया है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने सभी वर्गों के विद्यार्थियों की चिंताओं को गंभीरता से लिया है. नियमों पर पुनर्विचार के लिए समिति गठित करने की मंशा सरकार का सकारात्मक और संतुलित कदम है. इसके लिए उन्होंने केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया.
शरण ने कहा कि उच्च शिक्षण संस्थानों में जातिगत भेदभाव, उत्पीड़न और किसी भी प्रकार के अन्याय के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए. दलित, आदिवासी, पिछड़े, वंचित और कमजोर वर्गों के विद्यार्थियों को सम्मान, सुरक्षा और समान अवसर मिलना उनका संवैधानिक अधिकार है.
उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय की व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए, जिसमें सामान्य वर्ग सहित किसी भी समुदाय का विद्यार्थी असुरक्षित, उपेक्षित या भेदभाव का शिकार महसूस न करे. सामाजिक न्याय और सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों के अधिकार एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं, बल्कि न्यायपूर्ण और समरस समाज के दो महत्वपूर्ण आधार हैं.
UGC नियमों में स्पष्टता और निष्पक्षता जरूरी
श्याम सुन्दर शरण ने कहा कि प्रस्तावित समिति सभी पक्षों, शिक्षाविदों और विद्यार्थियों के विचारों को ध्यान में रखते हुए संविधान की मूल भावना के अनुरूप संतुलित और प्रभावी प्रावधान तैयार करे. नियमों में स्पष्टता, शिकायतों के निष्पक्ष निवारण और संभावित दुरुपयोग को रोकने के पर्याप्त प्रावधान होने चाहिए.
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय और महाविद्यालय ज्ञान, सामाजिक समरसता तथा राष्ट्र निर्माण के केंद्र हैं. इन्हें सामाजिक विभाजन का माध्यम नहीं बनने देना चाहिए.
शरण ने कहा कि न्याय ऐसा होना चाहिए, जिसमें किसी के साथ अन्याय न हो. प्रत्येक विद्यार्थी को यह भरोसा रहना चाहिए कि संविधान और व्यवस्था उसके अधिकारों की रक्षा के लिए खड़ी है.