बिहार की खबरें, सबसे पहले
ब्रेकिंग
ताजा खबरें पढ़ने के लिए Nation Sutra से जुड़े रहें

बिहार जा रही एक्सप्रेस ट्रेन में फर्जी महिला टीटीई का हंगामा, आधी रात यात्रियों से मांगने लगी टिकट


नई दिल्ली: 
महाराष्ट्र से बिहार जा रही एक एक्सप्रेस ट्रेन में देर रात उस समय अफरातफरी मच गई, जब खुद को टिकट जांचकर्ता (टीटीई) बताने वाली एक महिला यात्रियों के टिकट चेक करने लगी. आरोप है कि महिला ने आधी रात करीब दो बजे यात्रियों को नींद से जगाकर टिकट मांगे. एक यात्री का चालान काटने के लिए उसने रेलवे की आधिकारिक रसीद या इलेक्ट्रॉनिक मशीन के बजाय सादे कागज का इस्तेमाल करने की कोशिश की. उसकी इस हरकत से यात्रियों को शक हुआ और उन्होंने पहचान पत्र दिखाने की मांग की.

यात्रियों के सवालों पर महिला असहज हो गई. उसने पहचान पत्र दिखाने से इनकार कर दिया और उलटे एक यात्री पर ही परेशान करने का आरोप लगाने लगी. विवाद बढ़ने पर वह मास्क लगाकर भीड़ के बीच से गायब हो गई. घटना का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा किए जाने के बाद रेलवे ने मामले का संज्ञान लिया है.

सोशल मीडिया पर यात्री ने साझा किया पूरा मामला

यह घटना सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यूजर नीतू ने साझा की. उन्होंने महिला की तस्वीरें पोस्ट करते हुए बताया कि महाराष्ट्र से बिहार जा रही ट्रेन में रात करीब दो बजे एक महिला अचानक यात्रियों को जगाकर टिकट जांचने लगी. वह खुद को टीटीई बताकर लोगों से टिकट मांग रही थी.

नीतू के मुताबिक, महिला एक ऐसे यात्री के पास पहुंची जिसके पास वैध टिकट नहीं था. उसने यात्री से कहा कि नया टिकट जारी करना होगा. इसके बाद महिला ने अपने बैग से रेलवे की आधिकारिक हैंड हेल्ड टर्मिनल (HHT) मशीन या रसीद बुक निकालने के बजाय एक सादा कागज निकाला और उस पर यात्री का नाम लिखने लगी.


पहचान पत्र मांगने पर महिला ने किया इनकार

बोगी में मौजूद एक अन्य यात्री को महिला की गतिविधियों पर संदेह हुआ. उसने देखा कि महिला ने टीटीई की आधिकारिक यूनिफॉर्म भी नहीं पहनी थी. इस पर यात्री ने उससे रेलवे का पहचान पत्र दिखाने को कहा.

आरोप है कि महिला ने आईडी कार्ड दिखाने से साफ इनकार कर दिया. उसने कहा कि वह अपना पहचान पत्र किसी यात्री को नहीं, बल्कि रेलवे के अधिकारी को ही दिखाएगी. इस जवाब के बाद यात्रियों का शक और गहरा गया. उन्होंने सवाल उठाया कि बिना आधिकारिक पहचान और यूनिफॉर्म के कोई व्यक्ति रात में यात्रियों के टिकट कैसे जांच सकता है.

यात्रियों पर ही लगाने लगी आरोप

मामला बढ़ने पर बोगी में मौजूद दूसरे यात्री भी महिला से सवाल करने लगे. इसके बाद महिला ने एक यात्री पर ही उत्पीड़न और बदसलूकी करने का आरोप लगा दिया. स्थिति बिगड़ती देख वह वहां से निकलने की कोशिश करने लगी.

सोशल मीडिया पर साझा किए गए विवरण के अनुसार, महिला मास्क लगाकर भीड़भाड़ वाले डिब्बे में चली गई और यात्रियों की नजरों से ओझल हो गई. हालांकि, महिला की पहचान और उसकी वास्तविक भूमिका की आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है.

रेलवे ने मामले का लिया संज्ञान

इस घटना के सामने आने के बाद चलती ट्रेन में यात्रियों की सुरक्षा और टिकट जांच की व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं. सोशल मीडिया पर पोस्ट में रेलवे और रेल मंत्रालय को भी टैग किया गया.

पोस्ट पर जवाब देते हुए रेलवे ने कहा कि मामले को जरूरी कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों के पास भेजा जा रहा है. फिलहाल मामले की जांच और महिला की पहचान से जुड़ी आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है.