बिहार की खबरें, सबसे पहले
ब्रेकिंग
ताजा खबरें पढ़ने के लिए Nation Sutra से जुड़े रहें

यूपी चुनाव में जदयू की एंट्री: निशांत कुमार ने कार्यकर्ताओं को दिया चुनावी तैयारी का मंत्र, संजय झा बोले- पार्टी पूरी तरह तैयार


Up Election 2027
:उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) भी अपने प्रत्याशी उतारेगा. रविवार को वाराणसी में आयोजित पार्टी के राज्यस्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में नेताओं ने कार्यकर्ताओं को चुनाव की तैयारी में जुटने का आह्वान किया.

सम्मेलन में जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा, ग्रामीण विकास मंत्री और यूपी के जदयू प्रभारी श्रवण कुमार, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार तथा अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान समेत पार्टी के कई नेता मौजूद रहे.

कार्यकर्ता सम्मेलन में यूपी में संगठन को मजबूत करने, चुनावी तैयारी तेज करने और नीतीश कुमार के विकास मॉडल को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया गया.

निशांत बोले- यूपी में भी बढ़ाएंगे न्याय के साथ विकास का विजन

स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि जदयू उत्तर प्रदेश में भी नीतीश कुमार के न्याय के साथ विकास के विजन को आगे बढ़ाएगा. उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य यूपी में एक ऐसे संगठन के रूप में खड़ा होना है, जो जनता की आवाज बने, उनके मुद्दों की लड़ाई लड़े और उनकी बेहतरी के लिए काम करे.

उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करें और अभी से चुनाव की तैयारी में जुट जाएं. बिहार में पिछले दो दशकों के दौरान नीतीश कुमार के नेतृत्व में कानून-व्यवस्था, महिला सशक्तीकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और कृषि के क्षेत्र में हुए कामों को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया.

निशांत ने कहा कि वे अब लोगों के बीच आते रहेंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं से उनकी लगातार मुलाकात होगी. उनका प्रयास होगा कि यूपी में पार्टी एनडीए के साथ मिलकर नीतीश कुमार के न्याय के साथ विकास के विजन को धरातल पर उतारे.

संजय झा बोले- यूपी चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है जदयू

जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि पार्टी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है. नीतीश कुमार ने बिहार में सुशासन और विकास का जो मॉडल स्थापित किया है, उसे प्रत्येक मतदाता तक पहुंचाना है.

उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद पार्टी सहित पूरे बिहार में एक स्वाभाविक अंधेरा छा गया था, लेकिन निशांत के राजनीति में आने से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह आया है.

संजय झा ने कहा कि अगले 50 साल तक जदयू का कोई बाल बांका नहीं कर सकता. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री के रूप में निशांत पूरी संजीदगी और संवेदनशीलता के साथ काम कर रहे हैं.

संजय झा ने याद दिलाया कि जब नीतीश कुमार ने बिहार की बागडोर संभाली थी, तब राज्य की स्थिति बदतर थी. उन्होंने अपने नेतृत्व में पूरे परिदृश्य और परिस्थितियों को बदल दिया.

श्रवण कुमार बोले- यूपी में बढ़ेगा जदयू का जनाधार

ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि यूपी के कार्यकर्ताओं का अपार स्नेह, समर्थन और आशीर्वाद निशांत को मिल रहा है. इससे आने वाले दिनों में प्रदेश में पार्टी का जनाधार बढ़ेगा और जनहित के मुद्दों पर उसकी आवाज और मजबूत होगी.

उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने बिना किसी भेदभाव के हर समाज और वर्ग के उत्थान के लिए काम किया है. उनके दूरदर्शी विजन से बिहार तरक्की की नई इबारत लिख रहा है.

श्रवण कुमार ने कहा कि अब समय आ गया है कि विकास और सुशासन के इस मॉडल की छाप उत्तर प्रदेश में भी दिखाई दे.

क्या है यूपी चुनाव के लिए जदयू की रणनीति?

वाराणसी में आयोजित सम्मेलन में जदयू नेताओं के बयानों से पार्टी की चुनावी रणनीति के तीन प्रमुख बिंदु सामने आए हैं.

  • संगठन का विस्तार: कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर संगठन मजबूत करने और अभी से चुनाव की तैयारी में जुटने का निर्देश दिया गया है.

  • विकास मॉडल का प्रचार: बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों और सुशासन को यूपी के गांव-गांव और मतदाताओं तक पहुंचाने पर जोर है.

  • एनडीए के साथ चुनावी तैयारी: निशांत कुमार ने यूपी में एनडीए के साथ मिलकर काम करने की बात कही है. हालांकि, सीटों के बंटवारे और प्रत्याशियों की संख्या को लेकर कोई जानकारी नहीं दी गयी है.

जदयू का प्रयास यूपी में अपने संगठन को मजबूत करने के साथ नीतीश कुमार के विकास मॉडल को चुनावी मुद्दा बनाने का है.