रेलवे स्टेशनों पर छठ गीत बजाने पर सियासी विवाद, उद्धव गुट ने जताई आपत्ति तो संजय निरुपम ने किया समर्थन
Mumbai Chhath Puja: छठ पूजा से पहले मुंबई के रेलवे स्टेशनों पर छठ मैया के पारंपरिक गीतों के प्रसारण को लेकर राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है. मध्य रेलवे के कुछ प्रमुख स्टेशनों पर भोजपुरी गीत बजाए जाने पर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की नगर सेविका माधुरी मांजरेकर ने आपत्ति जताई है. उन्होंने इस संबंध में रेलवे प्रशासन से शिकायत भी की है.
दूसरी ओर, शिवसेना (शिंदे गुट) के नेता संजय निरुपम ने रेलवे की इस पहल का समर्थन किया है. कांग्रेस ने भी भोजपुरी गीतों के प्रसारण पर सवाल उठाने को उचित नहीं माना है. इस मुद्दे पर महाराष्ट्र की राजनीति में सांस्कृतिक पहचान और भाषाई सम्मान को लेकर बहस तेज हो गई है.
छठ पूजा पर रेलवे चला रहा विशेष ट्रेनें
छठ महापर्व के दौरान बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है. यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे की ओर से विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है.
इसी तैयारी के तहत मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) और लोकमान्य तिलक टर्मिनस समेत कुछ प्रमुख स्टेशनों पर उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से छठ मैया के पारंपरिक गीत प्रसारित किए जा रहे हैं. इन गीतों के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद राजनीतिक विवाद ने तूल पकड़ लिया.
माधुरी मांजरेकर ने रेलवे से की शिकायत
शिवसेना (यूबीटी) की नगर सेविका माधुरी मांजरेकर ने रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी गीत बजाने पर आपत्ति जताई है. उन्होंने रेलवे प्रशासन से शिकायत कर इस मामले में कार्रवाई की मांग की है.
मांजरेकर का कहना है कि रेलवे स्टेशन सार्वजनिक स्थान हैं, जहां यात्रियों की सुविधा और जरूरतों का ध्यान रखा जाना चाहिए. ऐसे स्थानों पर तेज आवाज में गाने बजाने से यात्रियों को परेशानी हो सकती है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस तरह की गतिविधियां बंद नहीं की गईं, तो इसके विरोध में आंदोलन किया जाएगा.
संजय निरुपम ने छठ गीतों के समर्थन में उठाई आवाज
विवाद के बीच शिवसेना (शिंदे गुट) के नेता संजय निरुपम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर रेलवे की पहल का समर्थन किया. उन्होंने कहा कि छठ के पारंपरिक गीत छठ मैया के भजन हैं. ये गीत मुख्य रूप से भोजपुरी, मैथिली और मगही भाषाओं में गाए जाते हैं और हमारी माताएं-बहनें सदियों से इन्हें गाती आ रही हैं.
निरुपम ने कहा कि रेलवे ने छठ महापर्व के अवसर पर देश के कई स्टेशनों पर इन गीतों के प्रसारण की व्यवस्था की है. बेंगलुरु, हैदराबाद, पुणे और कोलकाता जैसे शहरों में भी छठ गीत बजाए जा रहे हैं. ऐसे में मुंबई में इन गीतों पर आपत्ति जताना संकीर्ण मानसिकता को दर्शाता है.
कांग्रेस ने भी भोजपुरी गीतों को बताया उचित
इस विवाद पर कांग्रेस नेता अतुल लोंढे ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि यदि रेलवे स्टेशन पर मराठी गीत बजाए जाते हैं, तो यह अच्छी बात है. ऐसे में भोजपुरी गीतों के प्रसारण में भी कोई बुराई नहीं होनी चाहिए. भोजपुरी भी एक अच्छी भाषा है.
उन्होंने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक मुद्दे पर राजनीति करने की जरूरत नहीं है. वहीं, महाराष्ट्र के सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशीष शेलार ने कहा कि देश के अलग-अलग राजभवनों में महाराष्ट्र दिवस मनाया जाता है. वह खुद पटना स्थित बिहार राजभवन में आयोजित महाराष्ट्र दिवस समारोह में शामिल हो चुके हैं.
रेलवे ने बताई गीत बजाने की वजह
मध्य रेलवे के प्रवक्ता ने इस पूरे मामले पर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि रेलवे स्टेशनों पर अलग-अलग अवसरों के अनुरूप विशेष विषयों से जुड़े जिंगल और जागरूकता संदेश प्रसारित किए जाते हैं.
छठ पूजा के अवसर पर भी कुछ स्टेशनों पर भोजपुरी गीत बजाए जा रहे हैं. प्रवक्ता के अनुसार, इन गीतों का प्रसारण जरूरी यात्री सूचनाओं की उद्घोषणा के बाद उपलब्ध अतिरिक्त समय में किया जाता है. इससे यात्रियों के लिए जरूरी घोषणाओं पर कोई असर नहीं पड़ता है.
