बिहार की खबरें, सबसे पहले
ब्रेकिंग
ताजा खबरें पढ़ने के लिए Nation Sutra से जुड़े रहें

संसद का शीतकालीन सत्र कब होगा? 90 दिनों से लंबित मानसून सत्र के सत्रावसान पर बढ़ा सियासी सस्पेंस


संसद के मानसून सत्र का तीन महीने बाद भी सत्रावसान नहीं होने से शीतकालीन सत्र को लेकर सियासी अनिश्चितता बढ़ती जा रही है. मौजूदा सत्र विधिवत समाप्त नहीं हुआ है. ऐसे में संसद का शीतकालीन सत्र बुलाया जाएगा या नहीं, इसे लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है.

परंपरागत रूप से संसद का शीतकालीन सत्र नवंबर के तीसरे सप्ताह के बाद बुलाया जाता रहा है. लेकिन मानसून सत्र का सत्रावसान नहीं होने के कारण नवंबर के आखिर तक शीत सत्र शुरू होने की संभावना कमजोर पड़ती दिख रही है. हालांकि, सरकार के पास मौजूदा सत्र को जारी रखते हुए तीन-चार दिन के नोटिस पर संसद की बैठक बुलाने का विकल्प भी मौजूद है. यदि सरकार इस रास्ते को अपनाती है, तो अलग से शीतकालीन सत्र बुलाए जाने की संभावना खत्म हो सकती है.

दिसंबर के पहले सप्ताह में भी बुलाया जा सकता है शीत सत्र

विपक्षी दल मानसून सत्र का सत्रावसान नहीं किए जाने और अगले सत्र की तारीख को लेकर लगातार सवाल उठा रहे हैं. हालांकि, शीतकालीन सत्र बुलाने की समयसीमा अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है.

नियमों के अनुसार, मानसून सत्र का सत्रावसान होने के बाद नया सत्र बुलाने के लिए कम से कम 15 दिनों का अंतर जरूरी है. ऐसे में यदि सरकार अगले कुछ दिनों में सत्रावसान का फैसला लेती है, तो दिसंबर के पहले सप्ताह में शीतकालीन सत्र बुलाए जाने की संभावना बनी रह सकती है.

इतिहास में चार बार नहीं बुलाया जा सका शीतकालीन सत्र

मानसून सत्र को जारी रखने या नए सिरे से शीतकालीन सत्र बुलाने को लेकर सरकार ने अभी तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं. संसद के इतिहास में 1952 में पहली लोकसभा के गठन के बाद अब तक केवल चार ऐसे मौके आए हैं, जब शीतकालीन सत्र नहीं बुलाया जा सका.

वर्ष 1975 में आपातकाल और 1979 में लोकसभा भंग होने के कारण शीतकालीन सत्र आयोजित नहीं हुआ था. इसके बाद 1984 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या और 2020 में कोविड महामारी की विशेष परिस्थितियों के कारण भी शीतकालीन सत्र की बैठक नहीं हो सकी थी.

90 दिनों से सत्रावसान नहीं होने पर कांग्रेस ने उठाए सवाल

शीतकालीन सत्र को लेकर सरकार की रणनीति विपक्षी दलों की बेचैनी बढ़ा रही है. कांग्रेस के संचार महासचिव जयराम रमेश ने भी मानसून सत्र का सत्रावसान नहीं किए जाने पर सवाल उठाए हैं.

उन्होंने कहा कि संसद की बैठक अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने के दो से चार दिनों के भीतर सत्रावसान कर दिया जाना चाहिए. लेकिन इस बार सत्रावसान नहीं होने के कारण 90 दिनों का रिकॉर्ड बन गया है.

जयराम रमेश ने संसद की कार्यप्रणाली और प्रक्रिया से जुड़ी आधिकारिक पुस्तक 'कौल और शकधर' के 2024 संस्करण का हवाला देते हुए कहा कि इससे पहले सत्रावसान के बीच अधिकतम 28 दिनों का अंतर वर्ष 2015 के मानसून सत्र के दौरान रहा था.

किरेन रिजिजू के पत्र का भी दिया हवाला

जयराम रमेश ने संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू की ओर से 19 अक्टूबर 2026 को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को लिखे पत्र का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि यदि वर्ष 2008 के मानसून सत्र में सत्रावसान नहीं होने के 87 दिनों के अंतर को भी मान लिया जाए, तब भी मौजूदा स्थिति में 90 दिनों का रिकॉर्ड बन चुका है.

उनके मुताबिक, वर्ष 2008 में विशेष परिस्थितियों के कारण सभी दलों की सहमति से 87 दिनों तक सत्रावसान का अंतर रखा गया था. जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि इस बार सरकार परिसीमन विधेयक को पारित कराने के उद्देश्य से सत्रावसान नहीं कर रही है. उन्होंने इस विधेयक को लेकर भी सरकार की मंशा पर सवाल उठाए हैं.