बिहार की खबरें, सबसे पहले
ब्रेकिंग
ताजा खबरें पढ़ने के लिए Nation Sutra से जुड़े रहें

सियासी तल्खी के बीच सम्राट चौधरी और प्रशांत किशोर की मुलाकात, रोहिणी आचार्य भी दिखीं साथ


पटना
: बिहार की राजनीति में नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप और तीखी बयानबाजी कोई नई बात नहीं है. लेकिन सार्वजनिक और सामाजिक आयोजनों में कई बार सियासी मतभेद पीछे छूट जाते हैं. गुरुवार को राजधानी के पाटलिपुत्र कॉलोनी स्थित अन्नपूर्णा भवन में आयोजित आरके सिन्हा की श्रद्धांजलि सभा में भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला. यहां मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की मुलाकात चर्चा का विषय बन गई.

सम्राट चौधरी और प्रशांत किशोर ने मुस्कुराकर मिलाया हाथ

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और प्रशांत किशोर का आमना-सामना हुआ, तो दोनों ने मुस्कुराते हुए एक-दूसरे का अभिवादन किया. दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से हाथ मिलाया. खास बात यह रही कि मुख्यमंत्री पर लगातार राजनीतिक हमले करने वाले प्रशांत किशोर इस मुलाकात के दौरान सहज अंदाज में नजर आए.

इस मौके पर बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और आरके सिन्हा के पुत्र ऋतुराज सिन्हा भी मौजूद थे. श्रद्धांजलि सभा में नेताओं की इस मुलाकात ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी.

रोहिणी आचार्य और प्रशांत किशोर भी दिखे साथ

कार्यक्रम में एक और दिलचस्प तस्वीर देखने को मिली. लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य और प्रशांत किशोर भी एक साथ नजर आए. रोहिणी आचार्य और प्रशांत किशोर दोनों ही बिहार की राजनीति में अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहते हैं.

सियासत से अलग दिखा आपसी शिष्टाचार

श्रद्धांजलि सभा के दौरान नेताओं ने एक साथ बैठकर चाय भी पी. इस मुलाकात ने यह दिखाया कि राजनीतिक मंचों पर भले ही नेताओं के बीच मतभेद और विरोध देखने को मिलते हों, लेकिन सामाजिक और व्यक्तिगत आयोजनों में आपसी शिष्टाचार की जगह बनी रहती है.

आरके सिन्हा की श्रद्धांजलि सभा में हुई इन मुलाकातों की तस्वीरें और दृश्य इसलिए भी खास रहे, क्योंकि यहां अलग-अलग राजनीतिक विचारधाराओं से जुड़े नेता एक सहज माहौल में एक-दूसरे से मिलते नजर आए.