दिल्ली में पटाखों की खुली बिक्री पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, केंद्र सरकार को दिए आदेश पालन कराने के निर्देश
Delhi Firecracker Ban: दिल्ली में पटाखों की बिक्री पर प्रतिबंध और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बावजूद बाजारों में खुलेआम पटाखे उपलब्ध होने की खबरों पर शीर्ष अदालत ने सख्त रुख अपनाया है. मंगलवार को मामले की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को आदेश दिया कि वह अदालत के निर्देशों का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित कराए.
न्यायमूर्ति एमएम सुंद्रेश और न्यायमूर्ति पीबी वराले की पीठ ने एक अंग्रेजी दैनिक में प्रकाशित खबर और तस्वीरों का संज्ञान लिया. अखबार में छपी तस्वीरों में दुकानों पर अलग-अलग तरह के पटाखे उपलब्ध होने की बात सामने आई थी. इस पर पीठ ने अदालत में मौजूद अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल ऐश्वर्या भाटी से मामले को देखने और जरूरी कदम उठाने को कहा.
अदालत ने टिप्पणी की कि समाचार पत्र में प्रकाशित तस्वीरों से पता चलता है कि उसके आदेश के बावजूद दुकानों पर सभी तरह के पटाखे बेचे जा रहे हैं. पीठ ने केंद्र सरकार से इस स्थिति पर ध्यान देने को कहा.
ग्रीन पटाखे चलाने के लिए तय की गई है समय सीमा
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने 29 अक्टूबर को दिए अपने आदेश में दिल्ली-एनसीआर में दीपावली के दौरान सीमित अवधि के लिए ग्रीन पटाखे चलाने की अनुमति दी थी. आदेश की प्रति सोमवार को उपलब्ध हुई थी. इसके तहत सात और आठ नवंबर को ही निर्धारित समय के दौरान ग्रीन पटाखे जलाए जा सकेंगे.
अदालत के निर्देश के अनुसार, सुबह छह बजे से सात बजे तक और रात आठ बजे से दस बजे तक पटाखे चलाने की अनुमति होगी. इसके अलावा अस्पतालों, नर्सिंग होम, स्वास्थ्य केंद्रों, वृद्धाश्रमों, स्कूलों और अधिसूचित शांत क्षेत्रों के 300 मीटर के दायरे में पटाखे जलाने पर पूरी तरह रोक रहेगी.
नौ नवंबर से पटाखों पर पहले से लागू पूर्ण प्रतिबंध फिर प्रभावी हो जाएगा. यानी दिल्ली-एनसीआर में केवल दो दिनों के लिए और तय समय सीमा के भीतर ही ग्रीन पटाखों के इस्तेमाल की छूट दी गई है.
ग्रीन पटाखों के निर्माण के लिए भी तय की गई शर्तें
सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में स्पष्ट किया था कि केवल सीएसआईआर-एनईईआरआई और पीईएसओ से प्रमाणित निर्माता ही दो से छह नवंबर के बीच स्वीकृत ग्रीन पटाखों का निर्माण कर सकेंगे.
अदालत ने यह भी कहा था कि पटाखों पर पूर्ण प्रतिबंध एक संभावित समाधान हो सकता है, लेकिन फिलहाल उसके पास ऐसे पर्याप्त आंकड़े नहीं हैं, जिनके आधार पर यह तय किया जा सके कि पूर्ण प्रतिबंध पर्यावरण प्रदूषण की समस्या का सबसे प्रभावी उपाय है. साथ ही अदालत ने पहले जारी किए गए प्रतिबंधों और अधिकारियों की ओर से किए गए उपायों को प्रभावी ढंग से लागू नहीं किए जाने पर चिंता जताई थी.
पीठ ने माना था कि पटाखे जलाने से प्रदूषण होता है. इसी को ध्यान में रखते हुए ग्रीन पटाखों के इस्तेमाल की अनुमति सख्त शर्तों के साथ दी गई है.
पटाखों के हर डिब्बे पर क्यूआर कोड जरूरी
अदालत ने पटाखों की पहचान और उनकी प्रमाणिकता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक डिब्बे पर उत्पाद और बैच के अनुसार क्यूआर कोड लगाना अनिवार्य किया है. क्यूआर कोड स्कैन करने पर निर्माता का पंजीकरण, लाइसेंस, निर्माण में इस्तेमाल किए गए फार्मूलेशन और परीक्षण प्रमाणपत्र की जानकारी उपलब्ध होनी चाहिए.
इसके अलावा पटाखों की ऑनलाइन बिक्री, बेरियम युक्त पटाखों और पटाखों की लड़ियों के निर्माण एवं बिक्री पर रोक जारी रहेगी.
पुलिस और प्रशासन को निगरानी की जिम्मेदारी
सुप्रीम कोर्ट ने जिला प्रशासन और पुलिस को पटाखों की बिक्री के लिए निर्धारित स्थान तय करने, निगरानी दल गठित करने और अवैध पटाखों की आवाजाही रोकने के निर्देश दिए थे. अदालत ने नियमों के उल्लंघन पर निगरानी रखने की जिम्मेदारी भी संबंधित अधिकारियों को सौंपी है.
वहीं, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को दीपावली से पहले, त्योहार के दौरान और उसके बाद वायु गुणवत्ता की निगरानी कर रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया है. दिल्ली-एनसीआर के अस्पतालों से भी प्रदूषण के कारण मरीजों की संख्या में होने वाली बढ़ोतरी का आंकड़ा मांगा गया है.
संबंधित राज्यों को 14 दिसंबर तक सुप्रीम कोर्ट में आदेश के अनुपालन से जुड़ी रिपोर्ट दाखिल करनी होगी.
