यूपी चुनाव 2027 में ओवैसी-चंद्रशेखर आजाद का नया दांव, 403 सीटों पर लड़ेंगे चुनाव; CM फेस भी तय
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. चुनाव से पहले असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने हाथ मिला लिया है. ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने गठबंधन कर 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' बनाने की घोषणा की है. इस गठबंधन ने उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है. वहीं, चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया गया है.
लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नए मोर्चे का ऐलान
गुरुवार को लखनऊ में आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी ने गठबंधन की औपचारिक घोषणा की. चंद्रशेखर आजाद ने बताया कि फिलहाल इस मोर्चे में दो राजनीतिक दल शामिल हैं. इनमें आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और AIMIM शामिल हैं.
इस दौरान मंच पर AIMIM के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी, रामेश्वर पवन, डॉक्टर मसूद, प्रदेश अध्यक्ष शौकत सहित दोनों दलों के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. नेताओं ने गठबंधन को उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक नए विकल्प के रूप में पेश किया.
दलित, मुस्लिम और पिछड़े वर्गों को साथ लाने की कोशिश
'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' के गठन के पीछे दलितों, मुस्लिमों और अन्य वंचित वर्गों को एक राजनीतिक मंच पर लाने की रणनीति बतायी जा रही है. गठबंधन ने दलितों, अल्पसंख्यकों, युवाओं, किसानों और समाज के पिछड़े एवं उपेक्षित तबकों के अधिकारों को अपनी प्राथमिकता बताया है.
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि यह मोर्चा केवल तीसरा राजनीतिक विकल्प बनने के लिए नहीं बनाया गया है, बल्कि इसका उद्देश्य सामाजिक परिवर्तन की दिशा में काम करना है. दोनों दलों ने सामाजिक न्याय और राजनीतिक भागीदारी को मजबूत करने की बात कही है.
चंद्रशेखर आजाद होंगे मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार
गठबंधन की घोषणा के साथ ही मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर भी स्थिति स्पष्ट कर दी गयी. असदुद्दीन ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद को सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की ओर से मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया.
ओवैसी ने कहा कि दोनों पार्टियां मिलकर गठबंधन को मजबूत बनाने और चुनाव में सफलता हासिल करने के लिए काम करेंगी. उन्होंने चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व में प्रदेश में बदलाव लाने की बात भी कही.
बीजेपी को तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने का दावा
असदुद्दीन ओवैसी ने गठबंधन को उत्तर प्रदेश की राजनीति में मजबूत विकल्प बताते हुए बीजेपी को निशाने पर लिया. उन्होंने दावा किया कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बीजेपी को तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने के लिए चुनाव लड़ेगा.
ओवैसी के मुताबिक, दलितों, मुस्लिमों, पिछड़े वर्गों और वंचित समुदायों को अब तक केवल चुनावी वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया गया है. उन्होंने कहा कि नया मोर्चा इन वर्गों के अधिकारों और राजनीतिक हिस्सेदारी को मजबूत करने की दिशा में काम करेगा.
INDIA गठबंधन से बात नहीं बनने के बाद अलग राह
AIMIM की ओर से पहले उत्तर प्रदेश में विपक्षी INDIA गठबंधन के साथ चुनावी तालमेल बनाने की कोशिश की गयी थी. असदुद्दीन ओवैसी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत में शामिल होने की इच्छा जतायी थी. हालांकि, दोनों दलों की ओर से इस प्रस्ताव पर सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली.
ओवैसी ने इस संबंध में 2 अक्टूबर तक जवाब देने की समयसीमा भी तय की थी. सहमति नहीं बनने के बाद AIMIM ने आजाद समाज पार्टी के साथ मिलकर अलग राजनीतिक मोर्चा बनाने का फैसला किया.
2022 के विधानसभा चुनाव में दोनों दलों का प्रदर्शन
उत्तर प्रदेश के 2022 विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 255 सीटों पर जीत हासिल की थी. समाजवादी पार्टी को 111 सीटें मिली थीं, जबकि बहुजन समाज पार्टी केवल एक सीट जीत सकी थी. कांग्रेस के खाते में दो सीटें आयी थीं.
वहीं, AIMIM ने पिछले विधानसभा चुनाव में 95 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन पार्टी एक भी सीट नहीं जीत पायी थी. उसे करीब 0.49 प्रतिशत वोट मिले थे. दूसरी ओर, चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने 111 सीटों पर चुनाव लड़ा था. पार्टी को करीब 0.13 प्रतिशत वोट मिले, लेकिन वह भी विधानसभा में अपना खाता नहीं खोल सकी.
मायावती की BSP से भी होगी राजनीतिक चुनौती
उत्तर प्रदेश में दलित वोटों की राजनीति के लिहाज से बहुजन समाज पार्टी की भूमिका भी अहम मानी जाती है. BSP प्रमुख मायावती पहले ही संकेत दे चुकी हैं कि उनकी पार्टी 2027 का विधानसभा चुनाव अकेले लड़ेगी. पार्टी अपने पारंपरिक दलित जनाधार को फिर से मजबूत करने की कोशिश में है.
ऐसे में AIMIM और आजाद समाज पार्टी का गठबंधन दलित-मुस्लिम मतदाताओं को एक मंच पर लाने की रणनीति के साथ मैदान में उतरेगा. हालांकि, दोनों समुदायों को राजनीतिक रूप से एकजुट करना और इस एकजुटता को वोटों में बदलना नए मोर्चे के लिए बड़ी चुनौती होगी.
मंत्री एके शर्मा ने गठबंधन को दी शुभकामनाएं
सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के गठन पर उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री एके शर्मा ने भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने नए गठबंधन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह ऐसे जिले से आते हैं, जहां मुस्लिम आबादी अच्छी संख्या में है.
एके शर्मा ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद इन दलों ने मुस्लिम समुदाय के लिए कुछ नहीं किया. उन्होंने कहा कि यदि मुस्लिम समुदाय के सामने कोई नया राजनीतिक विकल्प सामने आ रहा है, तो यह शुभकामनाएं देने की बात है.
