BCA प्रशासक न्यायमूर्ति अश्विनी कुमार सिंह ने संभाला कार्यभार, अंडर-19 ट्रायल को मिली हरी झंडी
BCA Administrator Ashwini Kumar Singh: बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) के नवनियुक्त प्रशासक और पटना हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति अश्विनी कुमार सिंह ने 1 अक्टूबर को औपचारिक रूप से अपना कार्यभार संभाल लिया. कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही उन्होंने एसोसिएशन से जुड़े दायित्वों पर काम शुरू कर दिया है.
प्रशासक के तौर पर जिम्मेदारी संभालने के बाद उन्होंने बिहार के युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को बधाई दी. इसके साथ ही बिहार पुरुष अंडर-19 टीम के वीनू मांकड़ ट्रॉफी कैंप के लिए शॉर्टलिस्ट खिलाड़ियों के चयन ट्रायल को भी मंजूरी दी.
मोइन-उल-हक स्टेडियम में हुआ ट्रायल
BCA के अनुसार शॉर्टलिस्ट किए गए खिलाड़ियों को निर्धारित कार्यक्रम के तहत 4 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे पटना के मोइन-उल-हक स्टेडियम में आयोजित ट्रायल में रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया था.
चयन प्रक्रिया में BCCI की ओर से बुलाए गए चयनकर्ताओं की निगरानी में खिलाड़ियों का ट्रायल कराया जाना है. एसोसिएशन ने चयन प्रक्रिया को योग्यता आधारित और पारदर्शी बनाए रखने की बात कही है.
बोले- खिलाड़ियों के हित में जारी रहें क्रिकेट गतिविधियां
कार्यभार संभालने के बाद न्यायमूर्ति अश्विनी कुमार सिंह ने कहा कि BCA के प्रशासक की जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है. उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता बिहार में क्रिकेट से जुड़ी गतिविधियों को सुचारू और पारदर्शी तरीके से जारी रखना है.
उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि खिलाड़ियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए राज्य में क्रिकेट के विकास के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.
वैभव सूर्यवंशी को एशियन गेम्स की उपलब्धि पर बधाई
न्यायमूर्ति अश्विनी कुमार सिंह ने युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को एशियन गेम्स 2026 में भारतीय टीम के साथ स्वर्ण पदक जीतने की उपलब्धि पर बधाई दी.
उन्होंने कहा कि वैभव की सफलता बिहार के युवा क्रिकेटरों के लिए प्रेरणा है. उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह आने वाले समय में भी क्रिकेट के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल करेंगे.
BCA ने जताया सहयोग का भरोसा
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष, सचिव और अन्य पदाधिकारियों ने न्यायमूर्ति अश्विनी कुमार सिंह के प्रशासक के रूप में कार्यभार संभालने का स्वागत किया. BCA ने उम्मीद जताई कि उनके मार्गदर्शन से राज्य की क्रिकेट व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी.
एसोसिएशन ने युवा खिलाड़ियों को बेहतर अवसर, सुविधाएं और बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराने तथा चयन प्रक्रिया को पूरी तरह योग्यता आधारित रखने की अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई.
0 Response to "BCA प्रशासक न्यायमूर्ति अश्विनी कुमार सिंह ने संभाला कार्यभार, अंडर-19 ट्रायल को मिली हरी झंडी"
एक टिप्पणी भेजें