-->
पटना-लखनऊ फ्लाइट में अचानक आए तेज झटके, 15 मिनट तक दहशत में रहे 104 यात्री; लोजपा प्रवक्ता ने सुनाई आपबीती

पटना-लखनऊ फ्लाइट में अचानक आए तेज झटके, 15 मिनट तक दहशत में रहे 104 यात्री; लोजपा प्रवक्ता ने सुनाई आपबीती



Patna News: पटना से लखनऊ जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट में सात अक्टूबर की शाम अचानक आए तेज झटकों ने यात्रियों को दहशत में डाल दिया. विमान में सवार लोजपा के मुख्य प्रवक्ता राजेश कुमार भट्ट के मुताबिक, उड़ान के दौरान मौसम अचानक बिगड़ने के बाद विमान में तेज टर्बुलेंस शुरू हो गया. करीब 12 से 15 मिनट तक चले इस घटनाक्रम के दौरान यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हालांकि, पायलट की सूझबूझ से विमान को सुरक्षित लखनऊ एयरपोर्ट पर उतार लिया गया.

सामान्य उड़ान के बीच अचानक बदला मौसम

राजेश कुमार भट्ट ने बताया कि सात अक्टूबर को शाम 3:10 बजे विमान ने पटना एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए उड़ान भरी थी. उस समय मौसम साफ था और विमान का टेकऑफ भी सामान्य तरीके से हुआ. शुरुआत में यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी महसूस नहीं हुई.

लेकिन, बनारस और प्रयागराज के बीच पहुंचने के बाद मौसम में अचानक बदलाव आया. बाहर तेज बारिश होने लगी और इसी बीच विमान को जोरदार झटका लगा. भट्ट के अनुसार, यह झटका इतना तेज था कि यात्रियों को लगा जैसे विमान किसी बड़ी बाधा से टकरा गया हो.

अचानक हजारों फीट नीचे आया विमान

भट्ट ने बताया कि झटके के दौरान विमान की ऊंचाई में अचानक काफी गिरावट महसूस हुई. उनके मुताबिक, विमान करीब 17 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था और एक झटके में लगभग 2,500 से 3,000 फीट नीचे आ गया.

इसके बाद विमान में तेज टर्बुलेंस की स्थिति बन गई. कभी विमान नीचे की ओर जाता, तो कभी अचानक ऊपर उठता. विमान के दाएं-बाएं झुकने और यात्रियों के सीटों पर उछलने जैसी स्थिति से लोग घबरा गए. केबिन में चीख-पुकार मच गई और कई यात्री डर के कारण रोने लगे.

खुद डरे, लेकिन दूसरे यात्रियों को देते रहे हिम्मत

राजेश कुमार भट्ट ने बताया कि उस समय विमान में बैठे यात्रियों के बीच काफी डर का माहौल था. उन्हें भी लगा कि स्थिति गंभीर हो सकती है. इसके बावजूद उन्होंने आसपास मौजूद यात्रियों को शांत रहने और हिम्मत बनाए रखने के लिए समझाने की कोशिश की.

उन्होंने बताया कि इस दौरान क्रू मेंबरों से भी संभावित आपात स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा के उपायों के बारे में सवाल किया. करीब 12 से 15 मिनट तक चले इस घटनाक्रम ने विमान में सवार लोगों को काफी परेशान कर दिया था.

पायलट की सूझबूझ से सुरक्षित हुई लैंडिंग

भट्ट ने विमान के कैप्टन की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने मुश्किल परिस्थिति में धैर्य बनाए रखा और विमान को नियंत्रित करते हुए लखनऊ की ओर बढ़ाया. उनके मुताबिक, विमान ने शाम करीब 4:07 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की. निर्धारित समय शाम 4:20 बजे था.

विमान के सुरक्षित जमीन पर उतरते ही यात्रियों ने राहत की सांस ली. हालांकि, किसी यात्री को शारीरिक चोट लगने की सूचना नहीं थी, लेकिन इस घटना के बाद लोगों के चेहरों पर डर और तनाव साफ नजर आ रहा था.

कैप्टन को सम्मानित करने की मांग करेंगे भट्ट

राजेश कुमार भट्ट ने कहा कि विमान में छह क्रू मेंबर सहित कुल 104 यात्री सवार थे. उन्होंने सभी यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में कैप्टन की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया.

भट्ट के अनुसार, वह लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान से कैप्टन को सम्मानित करने का आग्रह करेंगे. साथ ही, नागरिक उड्डयन मंत्री को पत्र लिखकर कैप्टन को वीरता पुरस्कार देने की मांग भी करेंगे.

पटना से लखनऊ तक का यह सफर यात्रियों के लिए एक सामान्य हवाई यात्रा के रूप में शुरू हुआ था, लेकिन अचानक आए टर्बुलेंस ने इसे डरावना अनुभव बना दिया. सुरक्षित लैंडिंग के बाद यात्रियों ने राहत महसूस की और पायलट की भूमिका की सराहना की.

इसे भी पढ़ें: भारत-ऑस्ट्रेलिया U-19 मैच के दौरान नरेंद्र मोदी स्टेडियम में बम की धमकी, जांच के बाद पुलिस ने बताया...

0 Response to "पटना-लखनऊ फ्लाइट में अचानक आए तेज झटके, 15 मिनट तक दहशत में रहे 104 यात्री; लोजपा प्रवक्ता ने सुनाई आपबीती"

एक टिप्पणी भेजें

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article