मधुबनी के कोसी दियारा में बाढ़ का खतरा, डीएम आनंद शर्मा ने लिया जायजा; अगले साल ऊंचे होंगे सुरक्षा बांध
Madhubani Flood: (रिपोर्ट, पांडव कुमार यादव) जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने कोसी दियारा इलाके की बाढ़ प्रभावित पंचायतों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने गढ़गांव पंचायत सहित कई इलाकों में ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं. डीएम ने अधिकारियों को बाढ़ की संभावित स्थिति को देखते हुए आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए.
वर्ल्ड बैंक के माध्यम से अगले साल ऊंचे किए जाएंगे सुरक्षा बांध
कोसी दियारा क्षेत्र में बाढ़ से सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी ने बताया कि सुरक्षा बांधों को ऊंचा करने की योजना पर काम किया जाएगा. इसके लिए वर्ल्ड बैंक के माध्यम से अगले साल बांधों की ऊंचाई बढ़ाने की प्रक्रिया की जाएगी. उन्होंने कहा कि कोसी क्षेत्र में बाढ़ के संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रख रहा है.
निजी जमीन पर चल रहे स्वास्थ्य केंद्र, ग्रामीणों ने जमीन देने की जतायी इच्छा
पंचायत भ्रमण के दौरान डीएम ने पाया कि कई स्थानों पर स्वास्थ्य केंद्र निजी जमीन पर संचालित हो रहे हैं. इस पर ग्रामीणों ने कहा कि स्थायी स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए वे सरकार को जमीन देने के लिए भी तैयार हैं. ग्रामीणों का कहना था कि इससे क्षेत्र में स्थायी इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जा सकेगा और लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल सकेगी.
गढ़गांव में ग्रामीणों ने पंचायत सरकार भवन की ऊंचाई बढ़ाने की मांग भी रखी, ताकि बाढ़ के दौरान भवन जलमग्न न हो.
पैक्स अध्यक्ष ने जीआर सूची में सुधार की मांग उठायी
गढ़गांव पंचायत के पैक्स अध्यक्ष मोहम्मद खुर्शीद ने डीएम के समक्ष जीआर सूची को सही तरीके से तैयार कराने और वास्तविक बाढ़ पीड़ितों को सरकारी सहायता का लाभ दिलाने की मांग रखी. उन्होंने कहा कि कोसी का जलस्तर बढ़ने पर पूर्वी तटबंध की ओर से पानी आने की समस्या रहती है. वहीं पश्चिमी क्षेत्र में, जहां कोसी नदी मधुबनी जिले की सीमा को छूती है, वहां भी ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता है.
सहयोग पोर्टल पर दर्ज करा सकते हैं शिकायत
डीएम आनंद शर्मा ने ग्रामीणों से कहा कि किसी भी समस्या को लेकर वे सीधे सहयोग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं. उन्होंने बताया कि प्रत्येक शुक्रवार को जिला स्तरीय सहयोग शिविर लगाया जाता है, जहां 50 से 100 मामलों की सुनवाई कर उनके समाधान का प्रयास किया जाता है.
डीएम ने जनप्रतिनिधियों से भी बाढ़ के दौरान अपनी जिम्मेदारी निभाने और लोगों को जागरूक करने की अपील की. उन्होंने खास तौर पर छोटे बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा.
राजस्व संबंधी समस्याओं के लिए लगेगा कैंप
ग्रामीण ब्रह्मदेव सिंह ने स्कूल के नामकरण, फार्मर आईडी और एफआर बनाने में आ रही परेशानियों को लेकर परिमार्जन कैंप लगाने की मांग की. इस पर डीएम ने राजस्व से जुड़े सभी विभागों का कैंप लगाने का आश्वासन दिया.
नेपाल में बारिश से कोसी दियारा में बाढ़ का खतरा
डीएम आनंद शर्मा ने कहा कि पड़ोसी देश नेपाल के तराई क्षेत्र में लगातार बारिश होने के कारण नेपाल से आने वाली नदियों में बाढ़ का खतरा बना रहता है. इसका सबसे अधिक असर कोसी दियारा इलाके में पड़ता है. जिला प्रशासन संभावित बाढ़ को लेकर पूरी तरह अलर्ट है और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं.
उन्होंने कहा कि प्रशासन स्थिति की लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है. इसी को ध्यान में रखते हुए कोसी दियारा इलाके का दौरा कर जमीनी स्थिति की जानकारी ली गयी और आम लोगों की शिकायतों को भी गंभीरता से सुना गया.
बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग
बाढ़ की संभावित स्थिति के कारण विद्युत विच्छेद की समस्या से जूझ रहे गढ़गांव पंचायत के मैनाही, परियाही और बगेवा टोला के ग्रामीणों ने डीएम से बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की.
दौरे के दौरान कमलेश कुमार भंडारी, अरुण कुमार, एसडीओ राम विनय चौधरी, सीईओ नीतीश कुमार, एसडीओ, बीडीओ, भेजा थानाध्यक्ष आदित्य कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
0 Response to "मधुबनी के कोसी दियारा में बाढ़ का खतरा, डीएम आनंद शर्मा ने लिया जायजा; अगले साल ऊंचे होंगे सुरक्षा बांध"
एक टिप्पणी भेजें