मिजोरम में छुट्टी पर घर लौट रहे सेना के जवान की पीट-पीटकर हत्या, सड़क विवाद के बाद 8 गिरफ्तार
| जान गवाने वाले सेना के जवान जकारिया लालह्रिअत्तलुआंगा (तस्वीर-सोशल मीडिया) |
मिजोरम के कोलासिब जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. छुट्टी पर घर लौट रहे असम रेजिमेंट के 29 वर्षीय जवान जकारिया लालह्रियाटलुआंगा की कथित तौर पर सड़क विवाद के बाद युवकों के एक समूह ने पीट-पीटकर हत्या कर दी. घटना 20 सितंबर की शाम राष्ट्रीय राजमार्ग-306 पर बुआलपुई गांव के पास हुई. जवान जम्मू-कश्मीर में तैनात थे और छुट्टी लेकर अपने घर लौट रहे थे.
लेंगपुई एयरपोर्ट से दोस्त के साथ निकले थे जवान
पुलिस के अनुसार, जकारिया लालह्रियाटलुआंगा को उनके दोस्त जॉन लालतानपुइया लेंगपुई एयरपोर्ट से लेकर आए थे. दोनों ट्रक से कोलासिब जिले के न्यू बुइलुम स्थित जकारिया के पैतृक गांव जा रहे थे. इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-306 पर बुआलपुई गांव के पास दोनों पक्षों के बीच सड़क पर किसी बात को लेकर विवाद हो गया.
मामूली ट्रैफिक विवाद के बाद बढ़ा मामला
पुलिस के मुताबिक, कावनपुई इलाके के कुछ युवक पिकनिक से लौट रहे थे. इसी दौरान सड़क पर यातायात को लेकर विवाद हुआ. शुरुआती तौर पर मामला मामूली ट्रैफिक विवाद बताया जा रहा है, लेकिन कुछ ही देर में यह झड़प में बदल गया. आरोप है कि युवकों के समूह ने जकारिया और उनके दोस्त पर हमला कर दिया.
हमले में जकारिया को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं उनके दोस्त जॉन लालतानपुइया को मामूली चोटें आई हैं. घटना के बाद जकारिया की मां की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
दो नाबालिग समेत आठ आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में कुल आठ लोगों को गिरफ्तार किया है. इनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं. पुलिस के अनुसार छह वयस्क आरोपियों में पांच पुरुष और एक महिला शामिल हैं. छह आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है, जबकि दोनों नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया.
मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है. जांच एजेंसियां घटना के पूरे घटनाक्रम और विवाद की वजह की पड़ताल कर रही हैं.
गांव में शोक, न्याय की मांग
जवान की मौत की खबर के बाद उनके पैतृक गांव न्यू बुइलुम में शोक का माहौल है. स्थानीय लोगों ने घटना को लेकर नाराजगी जताई और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की. रिपोर्टों के अनुसार, गांव के लोगों ने कोलासिब जिला जेल के बाहर प्रदर्शन भी किया और गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सार्वजनिक करने की मांग की.
सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई
जकारिया लालह्रियाटलुआंगा का अंतिम संस्कार सैन्य सम्मान के साथ किया गया. 29 वर्षीय जवान के निधन से परिवार और उनके साथियों में शोक है. वह असम रेजिमेंट में वर्ष 2017 में शामिल हुए थे और जम्मू-कश्मीर में तैनात थे.
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है. घटना में शामिल सभी लोगों की भूमिका और विवाद के पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है.
0 Response to "मिजोरम में छुट्टी पर घर लौट रहे सेना के जवान की पीट-पीटकर हत्या, सड़क विवाद के बाद 8 गिरफ्तार"
एक टिप्पणी भेजें